रैपिडो ऑटो ड्राइवर की घिनौनी हरकत से सहमी यात्रीImage Credit source: Instagram/@_sengdoi_
कल्पना कीजिए कि आप रात के वक्त किसी सुरक्षित सफर की उम्मीद में कैब या ऑटो बुक करते हैं, लेकिन सफर शुरू होने के साथ ही डर और असुरक्षा का माहौल बन जाए. दिल्ली से एक ऐसा ही दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां रैपिडो ऑटो (Rapido Auto) से सफर कर रही एक महिला को तब तगड़ा झटका लगा, जब उसने ड्राइवर को गाड़ी चलाते वक्त मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो देखते हुए पकड़ा. इस घटना ने एक बार फिर से महिलाओं की सुरक्षा और कैब-ऑटो एग्रीगेटर कंपनियों के सुरक्षा दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
सफदरगंज से मॉडल टाउन के बीच का खौफनाक सफर
यह पूरी घटना रात के वक्त की है जब सुकन्या नाम की महिला ने सफदरगंज से मॉडल टाउन के लिए एक रैपिडो ऑटो बुक किया था. रात करीब 8:48 बजे शुरू हुआ यह सफर तब डरावना बन गया जब ऑटो एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुका. बगल की बाइक पर बैठी एक लड़की ने सुकन्या को इशारा कर के बताया कि आगे बैठा ऑटो ड्राइवर फोन पर क्या देख रहा है. जैसे ही सुकन्या ने ध्यान दिया, ड्राइवर ने हड़बड़ाकर अपना फोन छुपाने की कोशिश की.
राह चलते लड़की के इशारे ने खोली ड्राइवर की पोल
महिला यात्री के मुताबिक, जब उसने स्थिति भांपी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. हालांकि, गंतव्य तक पहुंचने में अभी आधे घंटे का समय बाकी था और अनजान रास्ते होने की वजह से सुकन्या ने बीच रास्ते में उतरने के बजाय सुरक्षित अपनी मंजिल तक पहुंचने का इंतजार किया. मंजिल पर पहुंचने के बाद जब उसने ड्राइवर से तीखे शब्दों में पूछा कि वह फोन पर क्या देख रहा था, तो आरोपी ने बेशर्मी से जवाब दिया कि वह ‘विदेशी वीडियो’ देख रहा है. सुकन्या ने हिम्मत दिखाते हुए उसे जमकर फटकार लगाई और परिवार के आने की धमकी देकर उसकी हेकड़ी निकाली.
रैपिडो सेफ्टी टीम (Rapido Safety Team) की नाकामी आई सामने
इस पूरी घटना के दौरान सुकन्या ने अपनी सुरक्षा को ताक पर न रखते हुए लगातार रैपिडो की इन-ऐप सेफ्टी टीम से संपर्क साधने की पूरी कोशिश की, लेकिन आरोप है कि मौके पर कंपनी की तरफ से कोई भी त्वरित सहायता या रिस्पॉन्स नहीं मिला. जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैला, तब जाकर रैपिडो की सपोर्ट टीम ने कमेंट सेक्शन में आकर मदद के लिए संपर्क किया. सोशल मीडिया यूजर्स इस लापरवाही को लेकर खासे गुस्से में हैं और कंपनी की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठा रहे हैं. यह भी पढ़ें:अकेली रहती हो? Rapido Rider ने घर छोड़ते ही शुरू की गंदी बात, वायरल हुई चैट तो कंपनी ने दिया ये जवाब
यहां देखिए वायरल वीडियो
