Crime

नवादा में महिला की हत्या से सनसनी, घर में घुसे लुटेरों ने हाथ-पैर बांध गला घोंटा, Bihar Hindi News

नवादा जिले के नारदीगंज में कथित लुटेरों ने एक महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी। आरोपी घर से कैश और जेवर लूटकर ले गए। महिला घर में अकेली रहती थी। दोनों बेटे सऊदी अरब में हैं। 

बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात नारदीडीह गांव के सोनरा बागी की है। महिला की हत्या करने के बाद कथित लुटेरे घर में रखी गोदरेज और बक्से तोड़कर नकदी एवं जेवरात लूटकर ले गए। लोगों को शनिवार सुबह वारदात का पता चला। आक्रोशित लोगों ने नारदीगंज-राजगीर मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क पर घंटों आवागमन बाधित रहा।

मृतका की पहचान 65 वर्षीय राजकुमारी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपने घर में अकली थीं। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे तक बड़ी बहू बबिता देवी उनके पास थीं। फिर 10 बजे तक वह पड़ोसियों के पास बैठी थीं। इसके बाद वह अपने घर लौटकर सो गईं।

आशंका जताई जा रही है कि देर रात लुटेरे चोरी की नीयत से घर में घुसे। आहट मिलने पर जब वृद्धा की नींद खुली और उन्होंने विरोध किया, तो अपराधियों ने गमछे से उनके हाथ-पैर बांध दिए और साड़ी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।

पड़ोसी घर में घुसे तो नजारा देख सन्न रह गए

शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा हल्का खुला देखा। आवाज देने पर कोई जवाब ना मिलने पर जब लोग भीतर गए, तो सन्न रह गए। कमरे में राजकुमारी देवी का बंधा हुआ शव पड़ा था और गोदरेज और बक्से टूटे पड़े थे। सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया।

पुलिस के आश्वासन पर हटा जाम, FSL टीम जांच में जुटी

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारदीगंज चौक पर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचीं बीडीओ सोनिया ढनढननिया और थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराकर जाम खत्म कराया।

पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है।

दोनों बेटे सऊदी अरब में

मृतका के दो बेटे संतोष कुमार और विश्वकर्मा कुमार सऊदी अरब में काम करते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। गृह स्वामी के आने और विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही लूटी गई संपत्ति का सटीक आकलन हो सकेगा। फिलहाल लूट के सामान की कीमत पता नहीं चल पाई है।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts