Crime

नोएडा में युवती की हत्या कर बिहार भागा इंजीनियर निकला बेहद शातिर, एनकाउंटर से बचने को अपनाया ये तरीका, Ncr Hindi News

नोएडा के पीजी में असम की एक युवती की हत्या के बाद बिहार भागे इंजीनियर ने पुलिस द्वारा एनकाउंटर से बचने को खुद को तस्करी के केस में गिरफ्तार करा दिया था। अब पुलिस ने उसे नोएडा लाने के लिए कोर्ट में अर्जी दी है।

नोएडा सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव के पीजी में असम निवासी युवती की रविवार सुबह हत्या करने वाला आरोपी इंजीनियर बेहद शातिर निकला। नोएडा से फरार होने के बाद उसे एनकाउंटर का डर सताने लगा। इसके चलते वह अपने गृह जनपद बिहार के जिला कटिहार पहुंच गया, जहां खुद को शराब तस्कर बताकर परिचित की मदद से गिरफ्तार हो गया।

नोएडा पुलिस अब बी वारंट के तहत कोर्ट के आदेश पर आरोपी को नोएडा लाने की तैयारी कर रही है। असम के जिला डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद घर से बिना बताए अपनी सहेली संजना के साथ भागकर 20 जुलाई को नोएडा आई थी। दोनों नौकरी के तलाश में थीं। बरौला गांव के एक पीजी में दोनों सहेली रहने लगीं। पड़ोस के कमरे में रहने वाले रमन राज से महक की जान-पहचान हो गई थी। शनिवार को दोनों के बीच डेटिंग ऐप को लेकर विवाद हुआ था। देर रात को महक और रमन साथ में थे। रविवार तड़के रमन अपने कमरे का बाहर से ताला बंद कर भाग गया था। सोमवार को कमरे से बदबू आने पर ताला तोड़कर कमरे को खोला गया तो अंदर से लहूलुहान अवस्था में महक का शव मिला। उसकी चाकू से गोदकर हत्या की गई थी।

पीजी संचालक सार्थक बंसल ने सेक्टर-49 थाने में मामला दर्ज कराया था। बुधवार को आरोपी की तलाश में उसके गृह जनपद बिहार के कटिहार पहुंची नोएडा सेक्टर-49 थाना पुलिस को पता चला कि वह बेहद शातिर है। उसने मंगलवार दोपहर परिचित की मदद से कटिहार की नगर कोतवाली में शराब तस्करी के मामले में खुद को गिरफ्तार करा दिया। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया। अब पुलिस टीम ने बी वारंट पर आरोपी को नोएडा लाने के लिए कटिहार की जिला अदालत में आवेदन किया है।

नशे में हुए विवाद में अचानक की घटना

पुलिस के मुताबिक, इंजीनियर से चंद दिनों पहले मिली युवती महक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या क्यों की। यह अभी तक राज ही बना हुआ है। कुछ लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि नशे में महक ने उसकी रमन की पहली प्रेमिका को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। दोनों के बीच विवाद हुआ और हाथापाई के दौरान महक ने चाकू से रमन को मारने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसी चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।

कूलर चलने के चलते नहीं हुआ शोर-शराबा

पुलिस के मताबिक, रविवार तड़के युवती की हत्या की गई थी। घटना के समय पड़ोसियों को भनक नहीं लगी, पुलिस टीम ने इसकी गहनता से जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि कमरे के बाहर कूलर लगा हुआ था। कूलर की आवाज तेज होने के किसी को पता नहीं चला होगा।

बस से बनारस में जीजा के यहां पहुंचा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। वह बस में बैठकर बनारस में रहने वाले बहनोई के पास पहुंचा। वहां कुछ घंटे रुकने के बाद अपने गृह जनपद चला गया। पुलिस ने उसके बहनोई से संपर्क किया, उसके बाद पुलिस कटिहार पहुंची। पुलिस जल्द ही आगे की कार्रवाई पूरी करेगी।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts