Crime

पूर्णिया में चाऊमीन वाले को गोलियों से भूना, लड़की के किडनैपिंग केस में पड़ोसी से झगड़ा, Bihar Hindi News

पूर्णिया जिले के मरंगा में शुक्रवार देर रात एक चाऊमीन विक्रेता की चौक पर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उसे एक के बाद एक पांच गोलियां मारीं। युवक का पड़ोसियों से एक लड़की के किडनैपिंग केस को लेकर झगड़ा चल रहा था। परिजन ने इसी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है।

बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार देर रात एक चाऊमीन बेचने वाले युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मरंगा में मरंगा चौक स्थित बाइक शो-रूम के पास शुक्रवार रात करीब 11.45 बजे हुई। मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के मुर्गी फॉर्म निवासी चंदन कुमार जायसवाल (35) के रूप में हुई है। वह चौक के समीप ठेले पर चाऊमीन की दुकान लगाता था। यही उसके परिवार की आजीविका का साधन था। मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजन ने पड़ोसियों पर लड़की के किडनैपिंग केस को लेकर चल रही रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने युवक को पांच गोलियां मारीं। सूचना पर पहुंची मरंगा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दुकानदार को जीएमसीएच पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे कसबा स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया।

एसएसपी भी पहुंचे

पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने भी देर रात मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने अपराधियों की पहचान से लेकर गिरफ्तारी तक के लिए एसआईटी का गठन किया। मौके पर पहुंचकर एफएसएल की टीम ने फॉरेंसिक साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला है।

पड़ोसियों पर हत्या का आरोप, धमकी भी मिली थी

मृतक के परिजन ने पड़ोस में रहने वाले तीन भाइयों पर पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के छोटे भाई कुंदन जायसवाल ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसके रिश्तेदार की एक लड़की का अपहरण कर लिया था। जिसमें केस दर्ज किया गया था और अपहरणकर्ता युवक जेल भेजा गया था। आरोपी युवक एवं उसके भाई केस उठाने के लिए चंदन एवं उसके परिवार पर लगातार दबाव बना रहे थे। हाल ही में पड़ोसी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। भाई ने बताया कि चंदन शुक्रवार रात करीब 9 बजे दुकान पर गया था। इसके कुछ घंटे बाद पुलिस ने परिजन को गोली लगने की सूचना दी।

पुलिस क्या बोली

पूर्णिया सदर 1 के एसडीपीओ अभिनव पराशर ने कहा कि परिजन पुराने विवाद में हत्या की बात बता रहे हैं। अपहरण के एक मामले में चंदन के द्वारा केस दर्ज करवाया गया था, जिसमें एक युवक जेल गया था। हत्या के मामले में परिजन से आवेदन दिया जा रहा है। पुलिस केस दर्ज कर जांच करेगी।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts