Crime

फरीदाबाद के स्कूल में महिला टीचर को चाकू से गोदकर मारा, नकाबपोश हत्यारे की करतूत CCTV में कैद, Ncr Hindi News

Faridabad School Teacher Murder : फरीदाबाद में आज एक स्कूल में घुसकर महिला टीचर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। नकाबपोश बदमाश ने महिला पर चाकू से तब तक वार करता रहा जब तक वह नीचे नहीं गिर गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया।

केशव भारद्वाज, फरीदाबाद

फरीदाबाद के सिकरोना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार सुबह एक नकाबपोश बदमाश ने स्कूल के अंदर घुसकर एक शिक्षिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात से स्कूल और इलाके में हड़कंप मच गया। नकाबपोश द्वारा शिक्षिका पर चाकू से वार करने की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हमलावर ने शिक्षिका पर 20 से ज्यादा वार किए थे। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो बच्चों की मां थी मृतक टीचर

फिरोजपुर कलां गांव निवासी 32 वर्षीय संध्या सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टीचर थी। वह दो बच्चों की मां थी। सोमवार सुबह वह स्कूल में मौजूद थी। सोमवार सुबह करीब 9:35 पर एक नकाबपोश युवक आया और उसने गार्ड से टीचर संध्या से मिलने की इच्छा जाहिर की। जैसे ही शिक्षिका उससे मिलने के लिए कमरे से बाहर आई तो नकाबपोश युवक ने शिक्षिका का हाथ पकड़कर बाहर खींच लिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। इससे महिला तेज-तेज चीखने लगी। शिक्षिका का चीख सुनककर स्कूल संचालक तेजपाल शर्मा अपने रूम से उसे बचाने के लिए बाहर आए तो देखा कि एक नकाबपोश शिक्षिका पर चाकू से वार कर रहा है। जब उन्होंने नकाबपोश को धमकाया तो हमलावर ने उन्हें भी चाकू दिखाकर हमला करने की धमकी दी। इसके बाद वे डंडा लेने के लिए अंदर कमरे में गए तो आरोपी नकाबपोश हमलावर चाकू समेत वहां से फरार हो गया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्कूल में घुसकर हत्या करने की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। सिकरोना पुलिस चौकी की टीम और अपराध शाखा की टीमों ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव काे पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अभी पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। वैसे पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुईहै।

शिक्षिका के गले से लेकर पेट तक वार

हमलावर ने शिक्षिका के गले से लेकर पेट तक ताबड़तोड़ वार किए। गर्दन पर वार करने की वजह से शिक्षिका की हालत गंभीर हो गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। थी। स्कूल संचालक तेजपाल शर्मा ने बताया कि शिक्षिका पर कम से कम 20 से ज्यादा वार किए गए थे। इस वजह से शिक्षिका की मौत हो गई थी। संध्या उनके यहां करीब एक वर्ष से पढ़ा रहीं थी। इससे पहले वह किसी अन्य स्कूल में पढ़ाती थी। पुलिस हमलावर की पहचान करने के लिए छापेमारी में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि स्कूल के सामने सड़क निर्माण का काम चल रहा है। धूल से बचने के लिए अक्सर लोग नकाब लगा लेते हैं। इस वजह से हमलावर को नकाब हटाने पर किसी ने टोका नहीं था।

हमलावर के जानकार होने का शक

नकाबपोश हमलावर के मृतका का जानकार होने का शक है। पुलिस मृतक के परिजनों से जानकारी जुटा रही है। वहीं यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई शिक्षिका को तंग तो नहीं कर रहा था। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस को शक है कि हमलावर किसी न किसी तरीके से शिक्षिका को जानता होगा, तभी उसने इस वारदात को अंजाम दिया होगा।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts