बारिश ने रोका रास्ता, लेकिन काम नहीं! कैब की छत पर बैठकर ऑफिस का काम करता दिखा शख्स, वीडियो ने दिखाई कॉरपोरेट जिंदगी की हकीकत

कैब की छत पर ही खोल लिया ऑफिस

बारिश के मौसम में सड़कों पर पानी भरना और उसके बाद घंटों ट्रैफिक में फंसना अब बड़े शहरों की आम तस्वीर बन चुकी है. हर साल बारिश के साथ जलभराव की समस्या सामने आती है और लोगों को घर से ऑफिस या ऑफिस से घर पहुंचने में काफी परेशानी होती है. लेकिन इस बार जलभराव के बीच एक ऐसा नजारा कैमरे में कैद हुआ, जिसे देखकर लोग हंस भी रहे हैं और शहर की व्यवस्था पर सवाल भी उठा रहे हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक शख्स कैब की छत पर बैठकर लैपटॉप पर ऑफिस का काम करता नजर आ रहा है. वीडियो को एक्स पर @sagarcasm नाम के हैंडल से शेयर किया गया. इसके साथ मजेदार अंदाज में कैप्शन लिखा गया कि जब जलभराव भी कॉरपोरेट लॉगिन को नहीं रोक सकता.

क्या दिखा इस वीडियो में?

वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ है. आसपास कई गाड़ियां खड़ी हैं और ट्रैफिक की रफ्तार लगभग पूरी तरह थमी हुई नजर आती है. इसी बीच एक व्यक्ति अपनी कैब की छत पर बैठा है. उसके सामने लैपटॉप खुला हुआ है और वह पूरी गंभीरता के साथ काम करता दिखाई देता है. उसके पास पानी की बोतल भी रखी हुई है, मानो उसने मौके को ही अपना अस्थायी ऑफिस बना लिया हो.

बताया जा रहा है कि यह शख्स ऑफिस जाने के दौरान जलभराव में फंस गया था. माना जा रहा है कि पानी के कारण उसकी कैब आगे नहीं बढ़ पा रही थी. ऐसे में उसने ट्रैफिक खुलने का इंतजार करने के बजाय वहीं बैठकर अपना काम शुरू कर दिया. हालांकि, वीडियो में नजर आ रही बाइक के नंबर के आधार पर इसे गुरुग्राम का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

वीडियो में सबसे ज्यादा ध्यान इस बात ने खींचा कि आसपास इतनी अफरातफरी के बावजूद शख्स अपने लैपटॉप में पूरी तरह डूबा हुआ है. ऐसा लग रहा है जैसे सड़क पर जाम नहीं, बल्कि ऑफिस की कोई सामान्य मीटिंग चल रही हो. यही वजह है कि सोशल मीडिया यूजर्स ने इस नजारे को लेकर तरह-तरह के मजेदार कमेंट किए.

यह भी पढ़ें: OMG! ऑफिस के सिगरेट के धुएं से परेशान महिला ने छोड़ दी अपनी नौकरी, रिजाइन लेटर में लिख दी सारी बात

कुछ लोगों ने इसे कॉरपोरेट वर्क कल्चर से जोड़ते हुए मजाक किया कि बारिश, ट्रैफिक और जलभराव भी काम की डेडलाइन के सामने बेअसर हैं. वहीं कुछ यूजर्स ने इस वीडियो का दूसरा पहलू भी सामने रखा. उनका कहना था कि यह सिर्फ मजाक का विषय नहीं है, बल्कि शहरों में बारिश के दौरान बुनियादी सुविधाओं और जलनिकासी की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है. वीडियो को सोशल मीडिया पर हजारों लाइक्स और सैकड़ों रीपोस्ट्स मिल चुके हैं. लोग इसे लगातार शेयर कर रहे हैं और नए-नए मजेदार कमेंट कर रहे हैं.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More



Exit mobile version