Zoom Call पर पापा के इस फनी सवाल ने इंटरनेट पर मचाया तहलका!Image Credit source: Instagram/@lifeatzorcha
जब बच्चे कमाने लगते हैं, तब भी माता-पिता की सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि वो पैसे बचा रहे हैं या नहीं. लेकिन क्या हो जब यही चिंता पापा को सीधे आपकी ऑफिस मीटिंग तक खींच लाए? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पिता अपनी बेटी की लाइव जूम मीटिंग के बीच में आ धमकते हैं और फिर जो होता है, उसे देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं.
जूम मीटिंग में पापा की अचानक ‘सरप्राइज एंट्री’
वायरल वीडियो की शुरुआत एक आम ऑफिस जूम मीटिंग से होती है. बेटी अपने बॉस और साथियों के साथ काम पर चर्चा कर रही होती है, तभी पीछे से पापा की तेज आवाज आती है. पापा गुस्से में पूछते हैं कि यह रात के 12 बजे किसके पार्सल आ रहे हैं? बेटी इशारे से समझाती है कि वो काम की मीटिंग में है, लेकिन पापा रुकने वाले कहां थे. वो सीधा स्क्रीन के सामने आते हैं और कहते हैं कि रोज-रोज आ रहे ये पार्सल देखकर उनका बीपी बढ़ जाता है.
बॉस के सामने ही लगा दी बेटी की क्लास
कैमरे के सामने आते ही पापा बेटी के बॉस और कलीग्स से शिकायत करने लगते हैं. वो कहते हैं, इसे थोड़ा समझाओ बेटा, यह एक पैसे की सेविंग नहीं करती है. इसके बाद वो बॉस से पूछते हैं कि इसे सैलरी कौन देता है? बॉस हंसते हुए हाथ उठा देते हैं. इस पर पापा तुरंत सलाह देते हैं कि आगे से इसकी सैलरी मेरे अकाउंट में ट्रांसफर किया करो, मैं इसके पैसे म्यूचुअल फंड में लगाऊंगा. इतना ही नहीं, पापा मजाकिया गुस्से में बॉस से भी पूछ बैठते हैं कि तुम खुद कुछ इन्वेस्ट करते हो या ऐसे ही हो?
क्या यह असली वीडियो है या सिर्फ मार्केटिंग का खेल?
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @lifeatzorcha नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. क्लिप के सामने आते ही कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. हालांकि, वीडियो की टाइमिंग और डायलॉग्स इतने सटीक हैं कि ज्यादातर यूजर्स इसे असल घटना के बजाय एक स्क्रिप्टेड वीडियो मान रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि यह एक ब्रांड का बेहद ही स्मार्ट मार्केटिंग स्टंट है. वहीं कुछ यूजर्स ने लिखा कि अंकल ने आज बॉस और बेटी दोनों की अच्छे से क्लास लगा दी.
यहां देखिए वायरल वीडियो
Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस वीडियो में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
