Crime

भाभी से अफेयर का ताना देने पर पत्नी की हत्या, थाने पहुंच पति बोला- 30 साल पहले ही मार देना था, Bihar Hindi News

नालंदा जिले के राजगीर में शनिवार सुबह पति ने चाकू से अपनी पत्नी की हत्या कर दी। फिर थाने पहुंचकर पुलिस के सामने अपराध भी कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि पत्नी अक्सर भाभी से अवैध संबंध का ताना देती थी, उसे 30 साल पहले ही मार देना चाहिए था।

अनूप कुमार, राजगीर। बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में एक पति ने धारदार चाकू से अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात राजगीर के माली टोला में शनिवार सुबह हुई। मृतका की पहचान 65 साल की बच्ची देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के पति गिन्नी मालाकार को हिरासत में लिया है। गिन्नी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अक्सर भाभी से अवैध संबंध का ताना मारती थी। इसी वजह से उसने पत्नी की हत्या कर दी। उसने पुलिस से यह भी कहा कि अगर 30 साल पहले ही पत्नी को मार दिया होता तो आज यह नौबत नहीं आती।

पुलिस के अनुसार ,प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे जमीन विवाद समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद आरोपी पति ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिछले करीब 5 सालों से अपनी पत्नी और बेटे से अलग रह रहा था।

पति के अनुसार, शनिवार सुबह वह चापाकल पर बाल्टी में पानी भर रहा था। इसी दौरान पत्नी बच्ची देवी ने उसका पानी गिरा दिया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और उसका बेटा भी वहां पहुचंकर पिता के साथ मारपीट करने लगा। आरोपी गिन्नी मालाकार का कहना है कि बेटा जब उसकी पिटाई कर रहा था, तो पत्नी ने उसका बचाव नहीं किया। इससे वह ज्यादा आक्रोशित हो गया और कमरे से चाकू लाकर पत्नी पर वार कर दिया।

पति बोला- भाभी से अवैध संबंध का ताना सुन-सुनकर थक गया था

पुलिस पूछताछ में आरोपी गिन्नी मालाकार ने कहा कि पत्नी बच्ची देवी अक्सर उस पर अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाकर ताना देती थी। शनिवार को भी घर पहुंचने पर पत्नी ने गाली-गलौज करते हुए उसे ताना दिया। उसने कहा कि सालों से यह सब सुनते-सुनते वह परेशान हो चुका था। कमरे में चाकू रखा था। आक्रोश में उसने बिना कुछ सोचे चाकू से पत्नी पर वार कर दिया।

आरोपी ने यह भी कहा कि हमला करने के बाद उसे पता नहीं था कि पत्नी की मौत हो गई है। इसके बाद वह खुद थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस को यह भी कहा कि 30 साल पहले ही पत्नी को मार देना चाहिए था।

बेटे ने कहा- घात लगाकर मां की हत्या की, जमीन के लिए रची साजिश

वहीं, मृतका के बेटे उपेंद्र मालाकार ने पिता के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उसका कहना है कि मां की हत्या अचानक हुए विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। उपेंद्र के अनुसार, उसकी मां सुबह दूध लाने के लिए घर से निकल रही थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए उसके पिता ने धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया।

बेटे ने आरोप लगाया कि घर में उस समय कोई बड़ा विवाद नहीं था। उसके पिता अक्सर जमीन अपने नाम करवाने की जिद को लेकर परिवार में विवाद करते थे। उपेंद्र का दावा है कि जमीन के लालच में ही उसकी मां की हत्या की गई है।

पति और पत्नी के नाम है करीब सवा एकड़ जमीन

गिन्नी मालाकार राजगीर स्थित विरायतन में प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन के रूप में काम करते थे। रिटायर होने के बाद वह घर पर ही रहते थे। परिजन के अनुसार, विरायतन के समीप करीब एक एकड़ 6 डिसमिल जमीन है, जो आरोपी और उसकी पत्नी के नाम पर है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जमीन का विवाद हत्या की वजह बना या नहीं।

पुलिस क्या बोली

डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी गिन्नी मालाकार को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी एवं पारिवारिक विवाद सामने आया है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts