Crime

मां-बाप के झगड़े को शांत कराने आया बेटा, पिता ने गला रेत बेटे को मार डाला; हथियार लेकर हुआ फरार, Bihar Hindi News

बिहार में पिता ने अपने एकलौते बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी है। बेटा अपने मां-बाप के बीच हो रहे झगड़े को सुलझाने के लिए गया था। लेकिन गुस्साए पिता ने बेटे का ही गला रेत दिया। इस वारदात के बाद पिता फरार हो गया है। इलाके में घटना को सनसनी फैल गई है। 

बिहार में नवादा जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के आंदर बाजार मोहल्ले में सोमवार की सुबह पारिवारिक कलह ने एक मासूम की जान ले ली। पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद के दौरान मां के पास आए छह वर्षीय मासूम की गर्दन उसके ही पिता ने तेज धारदार हथियार से रेत दी। बच्चे को तत्काल नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान कादिरगंज निवासी सुधीर गोस्वामी के पुत्र आजाद कुमार (06) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुबह करीब 10:30 बजे सुधीर गोस्वामी और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था।

विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान मासूम आजाद अपनी मां के पास आया और पिता को शांत कराने की कोशिश करने लगा। गुस्से में आपा खो चुके पिता ने तेज धारदार हथियार उसकी गर्दन रेत दी और फरार हो गया। कादिरगंज थानाध्यक्ष के मुताबिक मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। आरोपित की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।

कादिरगंज थाना क्षेत्र के अंदर बाजार मोहल्ले में बेटे आजाद की हत्या के बाद आरोपित पिता सुधीर गोस्वामी हथियार लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत और शोक का माहौल है।वहीं घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थानाध्यक्ष अवध किशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का अन्वीक्षण रिपोर्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घूमकर करते थे सिंदूर-टिकली की फेरी

बताया जाता है कि आरोपित सुधीर गोस्वामी और उसकी पत्नी गांव-गांव घूमकर सिंदूर, टिकली तथा महिलाओं के श्रृंगार का सामान बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक आर्थिक तंगी के साथ-साथ पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। चर्चा यह भी है कि आरोपित अपनी पत्नी पर बात-बात पर शक करता था, जिसके कारण घर में आए दिन झगड़ा होता था।

एकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

आजाद परिवार का एकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद मां गहरे सदमे में है और बार-बार बेसुध हो जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश व दुख है। कादिरगंज थानाध्यक्ष के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों का और स्पष्ट खुलासा होने की संभावना है।

बेटे से था पिता को प्यार, फिर हत्या पर उठे सवाल

कादिरगंज में बच्चे की हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि आरोपित पिता उसे बेहद प्यार करता था। तीन बहनों में आजाद एक मात्र भाई था। परिजनों के मुताबिक कुछ दिनों पूर्व पिता की मौत के कारण आरोपित सुधीर गोस्वामी की पत्नी बच्चों को लेकर मायके जहानाबाद चली गयी थी। इस बीच सुधीर मायके जाकर बेटे को लेकर घर आ गया था। इसके बाद बेटे के मोह में पत्नी भी चली आई थी। सोमवार की सुबह भी बेटे को लेकर सुधीर मार्केट गया और उसे खिला-पिलाकर लेकर आया था। फिर उसकी हत्या क्यों की, यह अब तक अनसुलझा सवाल है। यह भी बात आ रही है कि आरोपित शराब पीता था और फेरी देने नहीं जाता था। इसे लेकर पत्नी से उसकी बराबर नोकझोंक होती थी। एसएचओ के मुताबिक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts