मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में मंगलवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर और उनकी 7 साल की मासूम पोती की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के आरोपी भतीजे को भीड़ ने पकड़कर जमकर पिटाई की। आरोपी ने अपने चचेरे भाई को भी अधमरा कर दिया।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज में मंगलवार को डबल मर्डर से सनसनी मच गई। प्रॉपर्टी डीलर भोला अंसारी और उनकी पोती की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक के भतीजे ने ही इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अपने चचेरे भाई को भी मारकर अधमरा कर दिया। जघन्य हत्याकांड के बाद भीड़ ने आरोपी युवक को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई की। हत्या के पीछे पट्टीदारी में जमीन के पुराने विवाद को वजह बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतकों की पहचान साहेबगंज नगर परिषद के प्रताप पट्टी वार्ड संख्या 3 निवासी मुर्तजा अंसारी उर्फ भोला अंसारी (65 साल) के रूप और उनकी पोती अनम परवीन (7 साल) के रूप में हुई है। दोनों के गले में धारदार खंती से वार कर मौत के घाट उतारा गया। भोला अंसारी प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। आरोपी भतीजे ने उनके 35 वर्षीय बेटे शमीम अंसारी को भी घायल कर दिया। उसे गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर एसकेएमसीएच रेफर किया गया।
आरोपी को भीड़ ने पीटा
डबल मर्डर के बाद साहेबगंज में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी लगते ही भोला अंसारी के घर के बाहर आसपास के कई गांवों के लोग जमा हो गए। थाना रोड निवासी शीर अंसारी के बेटे अल्ताफ आलम पर हत्या का आरोप लगा है। भीड़ ने उसे पकड़कर बुरी तरह पिटाई कर दी और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। भीड़ की पिटाई से अल्ताफ भी घायल हो गया, उसे भी पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा है।
हथियार बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई खंती को बरामद कर लिया है। वहीं, हत्यारे की टोपी और बैग को भी जब्त किया गया है।
एसपी पहुंचे
सूचना पर मुजफ्फरपुर के ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर और पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। उसके बाद दादा पोती का शव पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया।
पट्टीदारी के विवाद में हत्या
ग्रामीण एसपी ने कहा कि हत्यारे अल्ताफ आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में थानाध्यक्ष सुनील कुमार को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पट्टीदारी का पुराना विवाद बताया गया है। परिजनों का बयान दर्ज होने के बाद अन्य कारण भी सामने आएंगे।

























