Crime

राजस्थान में स्टूडियो में सो रहे यूट्यूबर का फिरौती के लिए अपहरण, पुलिस ने छुड़ाया, Ncr Hindi News

राजस्थान के टोंक में एक यूट्यूबर के अपहरण का मामला सामने आया है। स्कॉर्पियों सवार अपहरणकर्ताओं ने अपने स्टूडियो में सो रहे यूट्यूबर को फिरौती के लिए अगवा कर लिया था। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपहरण को विफल कर महेश गुर्जर को सकुशल छुड़ा लिया। 

राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले में कथित तौर पर फिरौती के लिए एक यूट्यूबर की किडनैपिंग को सरूण्ड थाना पुलिस ने अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नाकाम कर दिया। टोंक जिले के निवाई थाना क्षेत्र से अपहृत यूट्यूबर महेश गुर्जर को सरूण्ड पुलिस ने हाई अलर्ट नाकाबंदी के दौरान बदमाशों के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

यह मामला टोंक जिले के निवाई थाना क्षेत्र का है, जहां एक यूट्यूबर महेश गुर्जर का उसके स्टूडियो से उस समय अपहरण कर लिया गया, जब वह अपने दोस्तों के साथ सो रहा था। बदमाश उसे स्कॉर्पियो में डालकर ले गए और परिजनों से 10 से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने की योजना बना रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही निवाई पुलिस ने कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस को अलर्ट कर दिया।

ट्रैफिक जाम में फंस गई किडनैपर्स की स्कॉर्पियो

यूट्यूबर के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान और डीएसपी लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में सरूण्ड थानाधिकारी यशपाल सिंह ने नीमकाथाना स्टेट हाईवे पर तत्काल नाकाबंदी करवाई। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो सरूण्ड टोल प्लाजा पर पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश स्कॉर्पियो को डिवाइडर के ऊपर से चढ़ाकर तेज गति से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों और ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट कर दिया। आगे ट्रैफिक जाम में स्कॉर्पियो फंस गई। खुद को घिरता देख बदमाश वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने तुरंत स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें अपहृत महेश गुर्जर सकुशल मिले। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

पिटाई से यूट्यूबर के शरीर पर कई जगह चोट

पुलिस के अनुसार बदमाशों ने अपहरण के दौरान महेश के साथ मारपीट भी की थी, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने टोल प्लाजा और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर दो आरोपियों आशीष मीणा पुत्र रामदयाल और आदित्य पुत्र हरिओम मेघवाल, निवासी सोहेला थाना बरोनी, जिला टोंक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि अपहरण का मुख्य मामला निवाई थाने में दर्ज है। कोटपूतली-बहरोड़ और टोंक पुलिस की संयुक्त टीमें फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

फरार बदमाशों की तलाश जारी

सरूण्ड पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समय पर की गई नाकाबंदी ने एक बड़ी वारदात को विफल कर दिया। फिलहाल दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं, जबकि फरार बदमाशों की तलाश लगातार जारी है।

बहरोड़ जिले के एसपी सतवीर सिंह ने बताया कि टोंक पुलिस से सूचना मिलते ही सरूण्ड थाना पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर कार्रवाई की। अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- हंसराज

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts