अलीगढ़ में असम की महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी ने ही की थी। आरोपी के मुताबिक शादी की बात होने के बाद महिला किसी दूसरे युवक से बात करने लगी थी। इसे लेकर वह नाराज हो गया और ईंट से कुचलकर हत्या कर दी।
UP News: यूपी के अलीगढ़ से एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। दरअसल, इगलास थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक महिला की हत्या कर शव फेंक दिया गया था। ये हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमी ने ही की थी। युवक ने असम की रहने वाली प्रेमिका की चेहरा कुचलकर उसे मार डाला था। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से दोस्ती थी। शादी की बात हो गई थीं। लेकिन, वह किसी दूसरे युवक से बात करने लगी। शादी से इनकर करने पर दोनों में मतभेद हुआ था और प्रेमिका ने थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से नाराज होकर इस घटना को अंजाम दिया और शव को गोशाला में फेंक दिया था।
एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि 11 अगस्त को थाना इगलास क्षेत्र के गांव बड़ा खुर्द के जंगल में अर्द्धनिर्मित गोशाला के पास एक महिला का शव मिला था। मामले में मुकदमा दर्ज करके सीओ इगलास कमलेश कुमार के नेतृत्व में थाना इगलास पुलिस व क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग देहात की टीमें गठित की गईं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका की शिनाख्त असम निवासी मोना उर्फ मनौरा बेगम के रूप में हुई। सीसीटीवी में एक संदिग्ध कैद हुआ। पुलिस ने उसे ट्रेस करते हुए मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का नाम विकास सिंह है, जो मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र के बना का रहने वाला है। इसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, मृतका का बैग, आधार कार्ड की प्रति, मोबाइल चार्जर और हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह व मोना मथुरा में होटल में साथ में काम करते थे। तीन साल के दोनों में दोस्ती थी और शादी की बात तक हो गईं थी। इसी बीच युवक को महिला की किसी और के साथ दोस्ती होने की जानकारी मिली। इसके बाद विवाद हुआ और उसने हत्या कर दी।
नहीं आए परिजन, वीडियो कॉल पर देखा शव
महिला का शव 11 अगस्त को मिला था। नियमों के अनुसार 72 घंटे बाद अज्ञात शव का पोस्टमार्टम हो जाना चाहिए। रविवार को शव की शिनाख्त हुई तो पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। लेकिन, वे नहीं आए। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने ही शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मानव उपकार संस्था के माध्यम से शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी ने वीडियो कॉल पर महिला के शव को उसकी बहनों को आखिरी बार दिखाया।
इगलास में क्रिकेट खेलने आता था युवक
आरोपी विकास इगलास क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के लिए आता था। उसे जानकारी थी कि गोशाला अभी बनी है। ऐसे में वह मोना को वहां लेकर पहुंचा। ईंट से उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए और शव को वहीं फेंककर फरार हो गया।
तो क्या थप्पड़ का बदला लेने को की हत्या
महिला विशेष समुदाय की थी और असम से कानपुर आकर रहने लगी थी। इसी बीच उसकी दोस्ती विकास से हुई। दोनों के बीच लेनदेन भी होता रहता था। 10 अगस्त को महिला हाथरस के एक होटल में आई। इसी बीच विकास को महिला के किसी और के संपर्क में आने की जानकारी हुई। उसने विरोध किया। साथ ही अपने करीब 60-70 हजार रुपये मांगे। इसी विवाद में महिला ने उसे थप्पड़ मार दिया। तभी से वह उसे मारने की फिराक में था। घटना वाले दिन वह उसे बाइक से लेकर जा रहा था। रास्ते में हत्या कर दी और फरार हो गया। वहां अपना बैग भूल गया था, जिसे बाद में लेने पहुंचा था।
ब्लाइंड घटना का सीसीटीवी ने खोला राज
ये घटना पूरी तरह से ब्लाइंड थी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिला। इसमें महिला बाइक पर बैठकर घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दी थी। उसी बाइक नंबर (यूपी 85 सीआर 0173) के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। महिला किसी दूसरे युवक से बातचीत करती थी और उससे शादी करना चाहती थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, मृतका का बैग, आधार कार्ड की छायाप्रति, मोबाइल चार्जर और हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की हैं।

























