सीवान के महाराजगंज स्थित एक स्कूल में बुधवार को चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। सातवीं के एक छात्र ने छठी के स्टूडेंट पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से छात्र को हल्की चोट आई, पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
विनय कुमार, महाराजगंज। बिहार के सीवान जिले से स्कूल में चाकूबाजी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। महाराजगंज के स्वामी कर्मदेव मध्य विद्यालय में बुधवार को दो छात्रों के बीच विवाद में चाकू चल गया। बताया जा रहा है कि सातवीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने छठी के स्टूडेंट पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। चाकूबाजी की घटना से स्कूल में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी स्कूल पहुंच गए। चाकू लगने से घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
गनीमत रही कि घायल छात्र को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, उसे महाराजगंज के अनुमंडलीय अस्तपताल में ले जाकर पुलिस की देखरेख में इलाज कराया गया। घायल छात्र स्कूल में ही कक्षा 6 में पढ़ाई करता है। वहीं, चाकू मारने का आरोप स्कूल के ही सातवीं के एक छात्र पर लगा है। हालांकि, दोनों छात्रों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
एसडीओ और एसडीपीओ भी स्कूल पहुंचे
घटना की सूचना मिलने पर महाराजगंज की एसडीओ अनिता सिन्हा, एसडीपीओ अमन कुमार समेत स्थानीय थाना पुलिस स्कूल पहुंची। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्कूल में चाकूबाजी की घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल चाकूबाजी की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस बोली- कोई गंभीर घटना नहीं
महाराजगंज थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद से दोनों में से किसी भी पक्ष ने थाने में एफआईआर लिए आवेदन नहीं दिया है। स्कूल प्रबंधन की ओर से भी कोई लिखित सूचना नहीं दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि मामूली बात को लेकर रंजिश में बच्चों के बीच चाकूबाजी की हल्की घटना हो गई थी। कोई गंभीर विशेष बात नहीं है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
हालांकि, स्कूल के अंदर चाकूबाजी की घटना से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। छात्र के पास चाकू जैसा धारदार हथियार कहां से आया? बच्चों की मामूली रंजिश में चाकूबाजी कैसे हो गई? यह जांच का विषय है। यह मामला क्षेत्र में भी चर्चा में बना हुआ है।

























