सैंडविच से Cheese हटाने के लिए लगे एक्स्ट्रा पैसेImage Credit source: Insta/thatindianchick_
अमेजन सेल के विज्ञापन में नजर आ चुकीं मुंबई की डिजिटल क्रिएटर वाग्मिता सिंह इन दिनों अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में घूम रही हैं. इसी दौरान उन्होंने वहां के एक कैफे से जुड़ा अपना ऐसा अनुभव शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है. वाग्मिता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट thatindianchick_ से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैफे में सैंडविच से सिर्फ Cheese हटवाने के लिए उनसे एक्स्ट्रा पैसे मांगे गए.
वाग्मिता का यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया. पोस्ट किए जाने के महज 24 घंटे के अंदर इसे 6.4 मिलियन यानी करीब 64 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे. खास बात यह है कि वीडियो को देखने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. वहीं, करीब 2 लाख लोगों ने इसे लाइक भी किया है और लगभग 3 हजार यूजर्स ने कमेंट करके इस पूरे मामले पर अपनी राय रखी है.
वायरल हुआ 41 सेकंड का वीडियो
करीब 41 सेकंड के इस वीडियो में वाग्मिता अपनी कार के पास खड़ी होकर कैमरे से बात करती नजर आती हैं. पीछे सैन फ्रांसिस्को की सड़क और आसपास का नजारा दिखाई देता है. वीडियो में वह अपने कैफे एक्सपीरियंस के बारे में बताते हुए कहती हैं कि उन्होंने वहां सैंडविच ऑर्डर किया था. ऑर्डर देते समय उन्होंने वेट्रेस से साफ तौर पर कहा कि उनके सैंडविच में Cheese न डाला जाए.
वाग्मिता के मुताबिक, वेट्रेस ने उनकी बात मान ली, लेकिन इसके साथ ही उन्हें एक ऐसी बात बताई जिसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी. वेट्रेस ने कहा कि Cheese हटाने के लिए उन्हें 75 सेंट्स यानी करीब 72 रुपये का अतिरिक्त भुगतान करना होगा. यह सुनकर वाग्मिता ने पूछा कि आखिर Cheese नहीं डालने के लिए अलग से पैसे क्यों लिए जा रहे हैं. इस पर उन्हें बताया गया कि कैफे में परोसी जाने वाली हर डिश की रेसिपी पहले से तय होती है. ऐसे में किसी ग्राहक की खास रिक्वेस्ट के हिसाब से उसमें बदलाव करने पर शेफ को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है. इसी वजह से इस तरह के बदलाव के लिए एक्स्ट्रा चार्ज लिया जाता है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: खुजली हुई तो नन्हें गजराज ने निकाला गजब का जुगाड़, हाथी की समझदारी ने जीता इंटरनेट का दिल
वाग्मिता ने अपने वीडियो में इसी बात पर हैरानी जताई और सवाल किया कि आखिर अमेरिका में यह सब क्या चल रहा है. उनका यह अनुभव सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बन गया है. कुछ लोग उनके अनुभव पर हैरानी जता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में इस तरह के चार्ज को लेकर अपनी राय शेयर की है.
यहां देखिए वीडियो



























