पत्थर के नीचे छिपा था 20 करोड़ साल पुराना समुद्री जीव!Image Credit source: Nebraska Game and Parks Commission
बच्चों का मन बहुत जिज्ञासु होता है और कई बार वो ऐसा कमाल कर देते हैं जिस पर बड़ों को भी यकीन नहीं होता. ऐसा ही एक मामला अमेरिका के नेब्रास्का से सामने आया है. यहां 6 साल के एक बच्चे ने इतिहास रच दिया है. पार्क में खेलते-खेलते उसे एक बहुत ही दुर्लभ फॉसिल मिला, जिसे वैज्ञानिक मेमथ की हड्डी से भी ज्यादा दुर्लभ बता रहे हैं.
ये घटना नेब्रास्का के श्राम पार्क स्टेट रिक्रिएशन एरिया (Schramm Park State Recreation Area) की है. 6 साल का बच्चा लियो यंगडाल अपने परिवार के साथ वहां एक ‘रिफ्टिंग एंड रॉक्स’ इवेंट में गया था.
लियो को पहले से ही फॉसिल यानी जीवाश्म इकट्ठा करने का बहुत शौक है. पार्क में घूमते हुए उसकी नजर एक बड़े पत्थर पर पड़ी. उसने सोचा चलो इसे पलट कर देखते हैं. जैसे ही उसने पत्थर को पलटा, नीचे एक अजीब सा डिजाइन बना हुआ था. यह निशान बिल्कुल सांप की खाल जैसा लग रहा था.
लियो समझ गया कि ये कोई आम निशान नहीं है. वो तुरंत उस पत्थर को लेकर पार्क की एजुकेशन स्पेशलिस्ट केली इक्यू के पास गया. जब वैज्ञानिकों ने इसे ध्यान से देखा तो वो भी हैरान रह गए. यह फॉसिल मेमथ की हड्डी से भी ज्यादा दुर्लभ निकला.
ये कोई आम जीवाश्म नहीं था
आउटडोर नेब्रास्का के अनुसार, जांच में पता चला कि यह ‘कोनुलारिड’ (Conulariid) नाम के एक बहुत पुराने समुद्री जीव का फॉसिल है. यह जीव आज से करीब 20 करोड़ से 50 करोड़ साल पहले धरती पर रहता था. वैज्ञानिक बताते हैं कि ये जेलीफिश जैसा जीव था, जिसका शरीर उल्टे पिरामिड जैसा होता था.
इन जीवों का शरीर बहुत मुलायम और पतला होता था, इसलिए इनका फॉसिल बनना बहुत मुश्किल होता है. इसीलिए यह बहुत दुर्लभ माना जाता है. सबसे हैरानी की बात ये है कि नेब्रास्का में पिछले 55 सालों में ऐसा फॉसिल एक बार भी नहीं मिला था. वैज्ञानिकों का कहना है कि ये खोज मेमथ की हड्डी मिलने से भी ज्यादा दुर्लभ है.
इस खोज के बाद लियो बहुत खुश है. नियमों के हिसाब से वो इस फॉसिल को घर नहीं ले जा सकता, लेकिन उसे इसका कोई दुख नहीं है. यह दुर्लभ फॉसिल अब श्राम एजुकेशन सेंटर में ही रखा जाएगा. वहां इसे सुरक्षित रखा जाएगा और बच्चों को पढ़ाने-समझाने में इसका इस्तेमाल होगा. 6 साल के बच्चे की इस समझदारी और जिज्ञासा की चर्चा अब पूरी दुनिया में हो रही है.



















