Crime

MP : ग्वालियर जेल में बलात्कारी कराटे कोच की मौत, नाबालिग खिलाड़ी से देश-विदेश में किया था रेप, Madhya-pradesh Hindi News

मध्य प्रदेश की एक नाबालिग कराटे खिलाड़ी से देश-विदेश में कई बार दुष्कर्म करने दोषी कराटे कोच जगवीर जाटव गुरुवार को ग्वालियर जेल में मौत हो गई। वह गुना का रहने वाला था और एक महीने पहले ही इस जेल में आया था। 

मध्य प्रदेश की ग्वालियर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे दुष्कर्म के दोषी कराटे कोच जगवीर जाटव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार रात जेल के भीतर उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद जेल प्रशासन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

एक महीने से जेल में बंद था जगवीर

मृतक जगवीर जाटव गुना जिले के गोपालपुरा का रहने वाला था। हाल ही में उसे एक चर्चित पॉक्सो और दुष्कर्म मामले में अदालत ने सह-आरोपी सचिन भटनागर के साथ आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। दोनों करीब एक महीने से ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद थे।

यह मामला वर्ष 2021 में सामने आया था, जब पड़ोसी जिले की रहने वाली राष्ट्रीय स्तर की एक नाबालिग कराटे खिलाड़ी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2017 से 2019 के बीच ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं के दौरान दोनों कोचों ने उसका लगातार यौन शोषण किया।

विदेश में भी किया था यौन शोषण

पीड़िता ने आरोप लगाया था कि ट्रेनिंग के बहाने उसे कोच के घर रुकवाया जाता था, जहां उसका भरोसा जीतकर उसका शोषण किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया था कि सह-आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं व ट्रेनिंग कैंप के दौरान भी उसका शोषण जारी रखा गया। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया जाता था। जांच के दौरान पीड़िता ने कई अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। उसके अनुसार, विदेश में आयोजित एक प्रतियोगिता के दौरान उसे एक अन्य व्यक्ति के साथ भी संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया और इस पूरे घटनाक्रम से आरोपियों ने आर्थिक लाभ भी उठाया। साथ ही, शादी और करियर बनाने का झांसा देकर उसकी मां के सोने के गहने भी ले लिए गए थे।

जेल के भीतर मौत पर उठ रहे सवाल

लॉकडाउन के दौरान आरोपियों से संपर्क टूटने के बाद जब उन्होंने दोबारा खेल में वापसी के लिए दबाव बनाया, तब पीड़िता ने इससे इनकार कर दिया। बाद में उसने पूरी घटना अपने परिवार को बताई, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। अब दोषी कराटे कोच की जेल के भीतर हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस और जेल प्रशासन का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।

रिपोर्ट – अमित कुमार

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts