AI से हुई तगड़ी गलती Image Credit source: Instagram/bangalorebro_
बेंगलुरु में ट्रैफिक नियमों पर नजर रखने वाले AI कैमरे ने कुछ ऐसा कारनामा कर दिया, जिसे देखकर शायद आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे. कैमरे ने एक बाइक पर पीछे बैठे बिना हेलमेट वाले पिलियन राइडर को पहचान लिया और 500 रुपये का चालान काट दिया. लेकिन असली कहानी सामने आने के बाद पता चला कि बाइक पर कोई दूसरा शख्स था ही नहीं. कैमरे ने पीछे लटके गिटार को इंसान समझ लिया था.
यह मामला बेंगलुरु के रहने वाले सौविक दत्ता से जुड़ा है. सौविक अपनी पत्नी के दोपहिया वाहन से अकेले जा रहे थे. उन्होंने बाकायदा हेलमेट पहना हुआ था और बाइक पर उनके साथ कोई और नहीं था. हां, उनकी पीठ पर एक गिटार जरूर बंधा हुआ था, जिसे वह अपने साथ लेकर जा रहे थे.
AI कैमरे ने गिटार का काट दिया 500 रुपये का चालान
इसी दौरान सड़क पर लगे AI आधारित ट्रैफिक कैमरे ने उनकी तस्वीर खींच ली. तस्वीर के आधार पर सिस्टम ने शायद यह मान लिया कि बाइक पर एक और व्यक्ति बैठा है और वह हेलमेट नहीं पहने हुए है. इसके बाद 500 रुपये का चालान जारी कर दिया गया. जब सौविक को चालान के बारे में पता चला तो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी शेयर की. उन्होंने बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए बताया कि वह बाइक पर अकेले थे और उनकी पीठ पर सिर्फ गिटार था. उन्होंने पुलिस से इस चालान को रद्द करने की अपील भी की.
मामले को मजेदार बनाने वाली बात चालान के साथ भेजी गई तस्वीर थी. फोटो में सौविक साफ तौर पर हेलमेट पहने नजर आ रहे थे. उनके पीछे एक गिटार बंधा हुआ था. बाइक पर कोई दूसरा व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा था. इसके बावजूद AI सिस्टम ने गिटार को पिलियन राइडर समझ लिया. सौविक ने चालान की कॉपी भी सोशल मीडिया पर शेयर की. खास बात यह थी कि यह चालान उनकी पत्नी के अकाउंट पर भेजा गया था, क्योंकि दोपहिया वाहन उन्हीं के नाम पर था.
यह भी पढ़ें: VIDEO: धागे की मदद से ऐसे बाहर आएगी उंगली में फंसी रिंग, वायरल हुआ अंगूठी निकालने का जुगाड़
मामला सामने आने के बाद बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने भी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी. पुलिस ने सौविक से चालान को रिवर्स करवाने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने को कहा. यानी AI की गलती आखिरकार पकड़ में आ गई. हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद इसे Reddit पर भी शेयर किया गया, जहां लोगों ने इस घटना को लेकर जमकर मजे लिए. कुछ यूजर्स ने मजाक में गिटार के लिए Guitar lives matter जैसी बातें लिखीं, तो कुछ ने AI की तस्वीर पहचानने की क्षमता पर चुटकी ली.
यहां देखिए पोस्ट



















