viral

Viral Video: हर कोई विराट या सचिन नहीं बन सकता! कॉर्पोरेट नौकरी पर बड़बड़ाने वालों को शख्स ने दिया ऐसा जवाब

कॉर्पोरेट जॉब को लेकर शख्स की दो टूक रायImage Credit source: Instagram/@IRON_CRAFTED_LIFE

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी चर्चा में है, जिसमें एक शख्स ने उन लोगों को लेकर अपनी राय रखी है जो अक्सर अपनी कॉर्पोरेट नौकरी को लेकर शिकायत करते रहते हैं. उनकी बातें कुछ लोगों को कड़वी लग सकती हैं, लेकिन कई लोगों का मानना है कि उन्होंने एक ऐसी सच्चाई कही है जिस पर कम ही लोग खुलकर बात करते हैं.

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @iron_crafted_life नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में शख्स बताते हैं कि शुक्रवार की रात करीब 9 बजे वह अपने ऑफिस का कुछ काम पूरा कर रहे थे. काम खत्म करने के बाद उनके मन में एक विचार आया, जिसे उन्होंने लोगों के साथ शेयर करने का फैसला किया.

क्या कहा कॉर्पोरेट जॉब को लेकर?

उन्होंने कहा कि बहुत से लोग अपनी नौकरी को लेकर लगातार नेगेटिव बातें करते रहते हैं. हर समय ऑफिस, बॉस, काम के दबाव या कॉर्पोरेट लाइफ की बुराई करना एक आदत बन चुकी है. उनका कहना था कि अगर कोई व्यक्ति खुद को बेहद मेहनती, टैलेंटेड और अपने काम को लेकर जुनूनी मानता है, तो उसे खुद से यह सवाल भी पूछना चाहिए कि वह आज भी उसी जगह क्यों है जहां उसे रहना पसंद नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी के अंदर वास्तव में इतना जुनून और क्षमता है, तो वह अपने सपनों को करियर में क्यों नहीं बदलता? वह अपना बिजनेस क्यों नहीं शुरू करता? वह कोई नया रास्ता क्यों नहीं चुनता? उनके अनुसार, सिर्फ शिकायत करते रहने से किसी की स्थिति नहीं बदलती.

हालांकि, वीडियो का सबसे ज्यादा चर्चा में आने वाला हिस्सा वह था, जहां उन्होंने औसत होने को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि समाज में हर व्यक्ति असाधारण नहीं हो सकता. जिस तरह हर कोई सचिन तेंदुलकर या विराट कोहली नहीं बन सकता, उसी तरह हर कोई बड़ा उद्योगपति, करोड़पति या मशहूर उद्यमी भी नहीं बन सकता. उनका मानना है कि बहुत से लोग एक नॉर्मल जीवन जीते हैं और इसमें कोई बुराई नहीं है. उन्होंने खुद को भी उसी कैटेगरी में रखा और कहा कि वह भी एक नॉर्मल इंसान हैं. उनके मुताबिक, अक्सर लोग ये स्वीकार नहीं करना चाहते कि वे भी बाकी लोगों की तरह साधारण हैं. यही कारण है कि वे लगातार अपनी परिस्थितियों से नाराज रहते हैं.

शख्स ने यह भी साफ किया कि उनकी बातों का मतलब किसी भी तरह की खराब कार्य संस्कृति या कर्मचारियों के शोषण का समर्थन करना नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर किसी की नौकरी वास्तव में उसकी मानसिक या शारीरिक सेहत को नुकसान पहुंचा रही है, उसे लगातार तनाव में रख रही है या उसका जीवन मुश्किल बना रही है, तो ऐसी नौकरी छोड़ने में कोई हर्ज नहीं है. लेकिन अगर नौकरी नॉर्मल है, माहौल ठीक है और केवल छोटी-मोटी परेशानियां हैं, तो हर समय उसकी शिकायत करते रहना व्यक्ति को और अधिक असंतुष्ट बना सकता है.

उन्होंने कहा कि खुशी काफी हद तक हमारे नजरिए पर निर्भर करती है. अगर कोई व्यक्ति अपने दिन के आठ-दस घंटे जिस काम में बिताता है, उसी से नफरत करता रहेगा, तो उसके लिए खुश रहना मुश्किल हो जाएगा. उनका कहना था कि जीवन में हर चीज हमारी पसंद के मुताबिक नहीं होती, लेकिन हम उसके प्रति अपना नजरिया जरूर चुन सकते हैं. यदि हम हर दिन केवल कमियां ढूंढ़ते रहेंगे, तो कोई भी नौकरी अच्छी नहीं लगेगी. वहीं अगर हम अपने काम के सकारात्मक पहलुओं पर ध्यान दें, तो चीजें काफी बेहतर महसूस हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें: Viral Video: गुरुग्राम में 27 हजार रुपये में महीने भर का खर्च चला रही लड़की, चर्चा में आई स्मार्ट सेविंग्स और बजट मैनेजमेंट का तरीका

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने शख्स की बातों से सहमति जताई और कहा कि अक्सर लोग अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए हर बात का दोष नौकरी पर डाल देते हैं.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More



What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts