अमेजन से निकाले जाने के बाद मारिया ने ऐसे पलट दी बाजीImage Credit source: LinkedIn/@maria-harshitha
कॉर्पोरेट नौकरी जाना किसी के लिए भी बड़ा झटका होता है. कई लोग तो महीनों तक इस सदमे से बाहर नहीं निकल पाते, लेकिन मारिया हर्षिता ने इसी मुश्किल को अपनी कामयाबी का रास्ता बना लिया. आइए जानते हैं उनकी यह दिलचस्प और प्रेरणादायक कहानी.
मार्च 2026 में मारिया को अमेजन की नौकरी से निकाल दिया गया. उन्होंने हार नहीं मानी. खूब इंटरव्यू दिए, पुराने सीनियर्स से मदद मांगी, दोस्तों को रिज्यूमे भेजे, हर जगह अप्लाई किया, पर हर तरफ से सिर्फ निराशा ही मिली. प्रोडक्ट मैनेजमेंट में करियर बनाने का उनका सपना टूटता हुआ लग रहा था.
जब कुछ भी काम नहीं आया तो उनके पति खानिश्का डेविड ने उन्हें खुद का कुछ शुरू करने की सलाह दी. पति की बात मानकर दोनों ने घर पर ही एक छोटा सा मुर्गीघर बनाया और 6 चूजे ले आए. किस्मत ने यहां भी साथ नहीं दिया, सारे चूजे बड़े होकर मुर्गे निकले.
फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. दोबारा शुरुआत की, इस बार मुर्गियां पालीं ताकि बच्चों को रोज ताजे अंडे मिल सकें. धीरे-धीरे अंडों की संख्या बढ़ने लगी. मारिया ने आस-पास अंडे बेचने शुरू किए और उनका ये छोटा सा शौक एक अच्छा-खासा बिजनेस बन गया.
खास बात ये है कि मारिया अपने कॉर्पोरेट वाले अनुभव का पूरा इस्तेमाल अपने फार्म में कर रही हैं. प्रोडक्ट मैनेजमेंट की नॉलेज और Power BI जैसे टूल्स से वो अपने फार्म का सारा हिसाब-किताब और स्टॉक मैनेज करती हैं.
आज उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है. पहले जहां वो लैपटॉप पर बड़ी-बड़ी मीटिंग करती थीं, अब उन्हें सांप और चूहों से अपने फार्म को बचाना पड़ता है. जब मारिया ने अपनी ये कहानी लिंक्डइन पर शेयर की तो वो रातों-रात वायरल हो गई. हर कोई उनकी हिम्मत और दोबारा से शुरुआत करने के जज्बे की तारीफ कर रहा है.

Image Source: LinkedIn/@maria-harshitha