जापान में भारतीय महिला का 5वीं बार मिला खोया हुआ आईफोनImage Credit source: Instagram/@lucknowiinjapan
क्या आपने कभी सोचा है कि कोई अपना लाखों का महंगा फोन पांच-पांच बार खो दे और हर बार वह उसे सही सलामत वापस मिल जाए? शायद आप कहेंगे कि यह नामुमकिन है, लेकिन जापान में रहने वाली एक भारतीय महिला के साथ सचमुच ऐसा हुआ है. जापान की ईमानदारी और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
जब रात के 12 बजे याद आया कि फोन गायब है!
प्रगति नाम की एक भारतीय महिला जापान में रहती हैं. उन्हें अक्सर अपनी एक आदत की वजह से परेशानी होती है कि वह बार-बार अपना फोन चेक नहीं करतीं. प्रज्ञा ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए अपने वायरल वीडियो में मजाकिया अंदाज में कहा, लोग कहते हैं कि फोन की लत बुरी है, लेकिन मेरे लिए फोन की लत न होना ही सबसे बड़ी मुसीबत है.
एक दिन जब उन्हें दो-तीन घंटे बाद याद आया कि उनका iPhone 16 Pro उनके पास नहीं है, तब तक रात के 12 बज चुके थे. उन्होंने तुरंत अपने दूसरे डिवाइस से लोकेशन ट्रैक की, तो पता चला कि फोन उनसे 600 मीटर दूर किसी अनजान जगह पर पड़ा है.
Apple ‘Find My’ और जापानी ईमानदारी का जादू
प्रगति जब लोकेशन पर पहुंचीं, तो उनका दिल जोरों से धड़क रहा था. लेकिन जापान की खासियत यही है कि यहां लोग दूसरों की चीजों पर बुरी नजर नहीं डालते. प्रगति ने बताया कि इससे पहले भी वह अपना फोन पुलिस स्टेशन, सब्जी मंडी और शॉपिंग मॉल के ट्रायल रूम में छोड़ चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें उनका डिवाइस सुरक्षित मिल गया.
इस बार भी ‘Find My’ ऐप और उनकी एप्पल वॉच की मदद से जब वह उस जगह पर पहुंचीं, तो उनका आईफोन वहीं लावारिस हालत में सेफ रखा हुआ था. इसे देखकर उन्होंने हैरान होते हुए कहा, मुझे नहीं पता कि दुनिया के किसी अन्य देश में ऐसा मुमकिन है या नहीं, लेकिन जापान में यह मेरे साथ पांचवीं बार हुआ है.
इंटरनेट पर लोगों की दीवानगी
यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर छा गया. लोग जापान की ईमानदारी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, यह सिर्फ जापान में ही हो सकता है. दूसरे ने कमेंट किया, वहां के लोगों की ईमानदारी सचमुच बेमिसाल है.
यहां देखिए वायरल वीडियो
