वायरल वीडियो ने उठाए ‘सिविक सेंस’ पर सवालImage Credit source: Instagram/@official_tajmahal.photographyy
‘अतिथि देवो भव:’ यानी मेहमान भगवान के समान होता है. यह बात हम बचपन से सुनते आ रहे हैं, लेकिन जब बात देश के सबसे बड़े पर्यटन स्थल ताजमहल (Taj Mahal) की आती है, तो कई बार हमारी असलियत कुछ और ही बयां करती है. सोशल मीडिया पर आगरा से एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर कोई भी भारतीय शर्मिंदा हो जाए. इस वीडियो में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने एक बार फिर हमारे ‘सिविक सेंस’ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजमहल में विदेशी महिला के साथ क्या हुआ?
आगरा के ताजमहल में हर दिन हजारों पर्यटक देश-विदेश से पहुंचते हैं. वायरल हो रहे इस वीडियो में नजर आ रहा है कि एक विदेशी महिला स्मारक के सामने अपनी तस्वीरें खिंचवा रही थी. तभी अचानक कुछ लोग उसके आसपास जमा हो गए. वे सिर्फ उसे देख नहीं रहे थे, बल्कि अपने मोबाइल फोन निकालकर धड़ाधड़ वीडियो और तस्वीरें बनाने लगे. हालात इतने असहज हो गए कि महिला को समझ नहीं आया कि वह क्या करे. उसके चेहरे के हाव-भाव साफ बता रहे थे कि वह इस अचानक मिली अनचाही अटेंशन से बुरी तरह परेशान हो चुकी है.
मसीहा बनकर आया स्थानीय फोटोग्राफर
जब भीड़ हद पार करने लगी और विदेशी महिला पूरी तरह असहज महसूस करने लगी, तब वहां मौजूद एक स्थानीय फोटोग्राफर ने मसीहा बनकर स्थिति को संभाला. वह तुरंत भीड़ के पास पहुंचा और लोगों से पीछे हटने के लिए कहा. सोशल मीडिया पर इस फोटोग्राफर की सूझबूझ और समझदारी की जमकर तारीफ हो रही है, क्योंकि उसने सिर्फ वीडियो रिकॉर्ड करने के बजाय एक इंसान की असहजता को समझा.
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे. एक यूजर ने लिखा कि भारतीयों में विदेशियों को लेकर एक अजीब तरह का ऑब्सेशन है, उन्हें कई बार ऐसे घूरा जाता है जैसे वे किसी चिड़ियाघर के जानवर हों. दूसरे यूजर ने लिखा कि हम दुनिया भर में ‘अतिथि देवो भव:’ का नारा देते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट होता है. कई लोगों ने चिंता जताई कि इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना बर्ताव भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों के मन में देश की बहुत खराब छवि छोड़ सकता है.
यहां देखिए वायरल वीडियो
