रिक्शेवाले ने दिखाई इंसानियत Image Credit source: Instagram/ givingjoyfully_25
भारत घूमने आई एक विदेशी महिला को एक रिक्शा ड्राइवर की छोटी-सी दरियादिली इतनी पसंद आई कि करीब एक साल बाद भी वह उसे भूल नहीं पाई है. महिला ने हाल ही में एक वीडियो शेयर करते हुए उस मुलाकात को याद किया और कहा कि वह एक बार फिर उस ड्राइवर से मिलना चाहती है. सोशल मीडिया पर शेयर किया गया यह वीडियो अब लोगों का ध्यान खींच रहा है.
वीडियो इंस्टाग्राम यूजर givingjoyfully_25 ने शेयर किया है. पोस्ट के साथ महिला ने बताया कि भारत में रहने के दौरान उसकी मुलाकात एक बेहद अच्छे रिक्शा ड्राइवर से हुई थी. सफर खत्म होने के बाद जब उसने किराया देने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने पैसे लेने से मना कर दिया. उसका कहना था कि पैसे देने की जरूरत नहीं है. ड्राइवर की इस बात से महिला काफी प्रभावित हुई. उसने सोचा कि क्यों न उसकी इस अच्छाई का जवाब अपनी तरफ से कुछ अच्छा करके दिया जाए. इसके बाद उसने ड्राइवर को 2,000 रुपये बतौर तोहफा देने का फैसला किया.
इंसानियत की जगह ड्राइवर को मिला सरप्राइज
वीडियो में महिला को ड्राइवर से पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या वह वाकई उससे पैसे नहीं लेना चाहता. ड्राइवर उसे भरोसा दिलाते हुए कहता है कि वह चिंता न करे. इसके बाद महिला पास खड़े एक व्यक्ति से ड्राइवर को उसकी मदद और अच्छे व्यवहार के लिए धन्यवाद कहने को कहती है, फिर महिला ड्राइवर को बताती है कि वह उसके लिए कुछ अच्छा करना चाहती है और उसे 2,000 रुपये देने वाली है. पैसे हाथ में आते ही ड्राइवर बार-बार महिला को धन्यवाद देता है. उसके चेहरे की खुशी देखकर महिला भी काफी खुश नजर आती है.
बातचीत के दौरान महिला ने ड्राइवर के परिवार के बारे में भी पूछा. उसे पता चला कि ड्राइवर के चार बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं. इसके बाद महिला ने उससे पूछा कि क्या ये पैसे उसके काम आएंगे. ड्राइवर ने एक बार फिर उसे धन्यवाद दिया. जाने से पहले महिला ने उसे कहा, आपका स्वागत है. भगवान आपका भला करे और आपका दिन अच्छा रहे. इसके बाद वह वहां से चली गई.
महिला ने बताया कि इस घटना को करीब एक साल बीत चुका है, लेकिन ड्राइवर का रिएक्शन आज भी उसके जेहन में है. अब वह उसे दोबारा ढूंढना चाहती है. उसने लोगों से अपील की कि अगर कोई इस ड्राइवर को पहचानता है या उसके बारे में जानता है, तो वीडियो शेयर करे या उसे मैसेज के जरिए जानकारी दे. वीडियो पर लोगों ने भी जमकर प्यार बरसाया. कई यूजर्स ने महिला और ड्राइवर के बीच हुई इस छोटी-सी मुलाकात को इंसानियत और अच्छाई की खूबसूरत मिसाल बताया. एक यूजर ने लिखा कि अच्छाई हमेशा जीतती है. वहीं, दूसरे ने महिला को भारत की तरफ से प्यार भेजा.
कुछ लोगों ने ड्राइवर की मुस्कान पर ध्यान दिया. एक यूजर ने लिखा कि किसी इंसान का अच्छा दिल उसके चेहरे पर साफ नजर आ जाता है और ड्राइवर की मुस्कान सब कुछ बता रही थी. एक अन्य यूजर ने कहा कि इस कहानी की खास बात 2,000 रुपये नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ की गई अच्छाई है.
यह भी पढ़ें: Viral: बेंगलुरु में सैलरी का 30% खर्च, पटना में भारी बचत! IT प्रोफेशनल ने बताई बिहार की वो कमी, जिसने छेड़ दी नई बहस
एक यूजर ने इसे अतुल्य भारत की खूबसूरत तस्वीर बताया, जबकि दूसरे ने ड्राइवर के लिए खुशी जताई. वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने महिला की तारीफ करते हुए कहा कि उसने बहुत अच्छा काम किया है और उसके इस नेक काम का फल उसे जरूर मिलेगा.
यहां देखिए वीडियो
