दादा-पोते के इस वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर पिघलाया लोगों का दिलImage Credit source: Instagram/@dada_dhanraj1933
यूं तो इस दुनिया में कई रिश्ते मिलते हैं, लेकिन दादा-पोते का रिश्ता अपने आप में बेहद अनोखा और प्यारा होता है. कहा जाता है कि मूल से ब्याज प्यारा होता है और यह बात इस रिश्ते पर बिल्कुल सटीक बैठती है. जनरेशन गैप के बावजूद दोनों के बीच का अपना एक अलग ही मैजिक होता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर धनराज शर्मा और उनके पोते शुभम का एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं.
जब पोते ने कहा- दादाजी अब मैं दूर जा रहा हूं
सोशल मीडिया पर अक्सर बुजुर्ग दादा धनराज शर्मा और उनके पोते शुभम की प्यारी जुगलबंदी देखने को मिलती है. शुभम ने अपने दादाजी का इंस्टाग्राम पर ‘दादा धनराज’ नाम से अकाउंट बनाया है, जिसे वह खुद संभालते हैं. इस अकाउंट पर उनके हजारों फैंस हैं जो इस क्यूट जोड़ी को बहुत पसंद करते हैं. हाल ही में जब शुभम ने अपने दादाजी को बताया कि वह किसी काम से उनसे दूर जा रहे हैं, तो बुजुर्ग दादाजी का दिल भर आया.
‘तेरे बिन दिल तो नहीं लगेगा, पर बात कर लेना’
पोते के जाने की बात सुनकर दादा धनराज जी खुद को रोक नहीं पाए. उन्होंने प्यार से अपने पोते के गाल सहलाए और भावुक होते हुए कहा- तेरे बिना दिल नहीं लगेगा, लेकिन फोन पर बात कर लेगा, तो तसल्ली रहेगी. दादाजी ने बड़े ही अपनेपन के साथ पोते को अपना ख्याल रखने और समय पर दवाइयां खाने की सलाह दी. साथ ही यह भी कहा कि अगर जाने का सोच लिया है, तो फिर ज्यादा देर मत लगाओ. दादाजी की यह मासूमियत और बेइंतहा प्यार देखने वालों का दिल पिघला रहा है.
सोशल मीडिया पर इमोशनल हुए लोग
पिछले कुछ महीनों से शुभम अपने दादाजी की पुरानी यादों, उनके बचपन के किस्से और जीवन के अनुभवों को रील्स के जरिए लोगों से साझा कर रहे हैं. कभी अपनी मां की याद में दादाजी का यह कहना कि ‘मेरी मां मुझे धनेरा बुलाती थी’, तो कभी पोते के साथ उनकी दोस्ती ने इंटरनेट पर एक खास जगह बनाई है.
अब इस विदाई वाले वीडियो पर यूजर्स लगातार कमेंट कर रहे हैं. कोई शुभम से अपील कर रहा है कि वह दादाजी को छोड़कर न जाए, तो कोई इस जोड़ी के अटूट बंधन की तारीफ कर रहा है. वीडियो यह साफ बता देता है कि टेक्नोलॉजी के इस दौर में भी रिश्तों की असली मिठास अपनों के साथ बिताए वक्त में ही है.
यहां देखिए वायरल वीडियो
