गाजियाबाद में सहेली की बर्थडे पार्टी में एक विवाहित महिला के साथ दूसरे मेहमान द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला ने बताया कि पार्टी में बीयर पीकर उसे नशा हो गया था, जिसके बाद आरोपी ने नशे की हालत में वहीं पर उसकी आबरू लूट ली।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सहेली की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गई एक महिला से सहेली के दोस्त ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोपी ने उनके नशे में होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। 24 जुलाई की इस घटना में सोमवार को शिकायत दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला खोड़ा थाना क्षेत्र में अपने पति के साथ रहती है। 24 जुलाई को महिला की एक सहेली का जन्मदिन था। सहेली ने कनावनी में अपने दोस्तों को जन्मदिन की पार्टी दी थी। पार्टी में पीड़िता भी पहुंची थी। पार्टी में सहेली के अलावा तीन महिला व तीन अन्य युवक भी थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि केक काटने के बाद सभी ने बीयर पी थी। इस दौरान उसे थोड़ा सा नशा हो गया। आरोप है कि पार्टी में मौजूद एक युवक सुमित ने उसके नशे में होने का फायदा उठाया और एक कमरे में ले गया। यहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पीड़िता ने 27 जुलाई को पति के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विवाहिता को गंदे फोटो भेजकर ब्लैकमेल कर रहा पूर्व प्रेमी
गाजियाबाद के ही खोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को उसका पूर्व प्रेमी अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़िता ने परेशान होकर आरोपी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। खोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला की कुछ समय पहले शादी हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले बागपत निवासी उवेश से उनके संबंध थे। शादी होने के बाद उन्होंने उवेश से बात करनी बंद कर दी, लेकिन वह लगातार उन पर मिलने और बात करने का दबाव बना रहा है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उनके पुराने फोटो भेजकर वायरल करने की धमकी दे रहा है। इसके अलावा उनका पीछा भी करता है। रास्ते में रोककर जबरन अपनी कार में बैठने का दबाव बनाता है।
घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास
इसके अलावा मुरादनगर थानाक्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म के प्रयास करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। महिला ने थाने में तहरीर दी है। एक गांव निवासी महिला ने बताया कि सोमवार रात को वह घर पर अकेली थी। इसी बीच गांव निवासी एक युवक दीवार फांदकर घर के अंदर आ गया। महिला का आरोप है कि युवक ने आते ही अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। इसके बाद दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
