उज्जैन से सामने आया हैरान करने वाला वीडियो
धर्मनगरी उज्जैन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खुद को अघोरी और किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर बताने वाली काली उर्फ नंद गिरी श्मशान घाट पर एक जलती चिता के पास नजर आ रही हैं. आरोप है कि उन्होंने चिता से मांस निकालकर खाया. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद उज्जैन के साधु-संतों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है.
श्मशान घाट का हैरान करने वाला वीडियो
वायरल हो रहे इस वीडियो में महिला हाथ में तलवार लिए जलती चिता के पास खड़ी दिखाई दे रही है. वीडियो में वह यह कहती हुई सुनाई देती है कि ‘हम आज इंसान का मांस खाएंगे. इसके बाद वह तलवार की मदद से चिता में से कुछ निकालती है और उसे खाने का दावा करती है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो महिला ने अपने ही इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया था, जिसके बाद यह तेजी से फैल गया. हालांकि, इस वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक तौर पर स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
संत समाज ने जताया कड़ा ऐतराज
वीडियो के सामने आते ही उज्जैन के साधु-संतों और अघोर परंपरा से जुड़े लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरी महाराज समेत कई प्रमुख संतों ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की है. संतों का स्पष्ट कहना है कि अंतिम संस्कार और शव से जुड़ी एक तय मर्यादा होती है. इस तरह का व्यवहार सनातन धर्म और अघोर परंपरा की मर्यादा के पूरी तरह खिलाफ है.
FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग
संतों का कहना है कि जलते शव का इस तरह अपमान करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है. इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. संत समाज ने पुलिस प्रशासन से इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेने, आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
