दिनभर मेहनत कर परिवार पालता है ये पिता, बेटी के लिए उसका प्यार देख भावुक हुए लोग

पिता के इस वीडियो को देख इमोशनल हुए लोग Image Credit source: Instagram/nikhita_basutkar

पिता का प्यार किसी महंगे गिफ्ट, बड़े घर या खूब सारे पैसों का मोहताज नहीं होता. कभी-कभी उनकी एक छोटी-सी कोशिश भी दिल जीत लेती है. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसमें साइकिल पर झाड़ू बेचकर अपना घर चलाने वाला एक पिता अपनी छोटी-सी बेटी के बाल बनाता नजर आ रहा है. इस वीडियो में न कोई दिखावा है और न ही कोई बड़ी बात, बस एक पिता का अपनी बच्ची के लिए ढेर सारा प्यार है.

अक्सर हम सोचते हैं कि दिनभर काम करने वाले लोगों के पास अपने बच्चों के लिए समय कहां होता होगा. परिवार की जरूरतें पूरी करने की चिंता, रोज की कमाई का दबाव और घर चलाने की जिम्मेदारी के बीच वे बच्चों के साथ कितना वक्त बिता पाते होंगे? लेकिन इस वीडियो को देखकर समझ आता है कि बच्चों के लिए प्यार जताने के लिए बहुत पैसे या खास मौके की जरूरत नहीं होती. बस दिल में उनके लिए जगह होनी चाहिए.

पैसों से नहीं, प्यार से अमीर है ये पिता

इंस्टाग्राम पर Nikhita_basutkar नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो में एक शख्स अपनी साइकिल पर झाड़ू बेचता नजर आता है. उसकी छोटी बेटी साइकिल के आगे लगे डंडे पर बैठी हुई है. इसी दौरान पिता बड़े प्यार से उसके बाल संवारने लगते हैं. एक तरफ उनका काम चल रहा है, तो दूसरी तरफ वे इस बात का भी ध्यान रख रहे हैं कि बेटी आराम से बैठी रहे और कहीं गिर न जाए.

जरा सोचिए, उस पिता के लिए यह कितना सामान्य-सा पल होगा. रोज की तरह वह अपना काम कर रहा है और बेटी भी उसके साथ है. लेकिन देखने वालों के लिए यह छोटा-सा दृश्य बहुत बड़ी बात कह जाता है. पिता के पास भले ही महंगी गाड़ी न हो, बेटी को सजाने के लिए कोई आलीशान जगह न हो, लेकिन उसके बाल बनाने के लिए प्यार भरे हाथ जरूर हैं.

यह भी पढ़ें: Viral Video: एक्सपायर्ड बिस्कुट बेचकर फंसा दुकानदार, 5 रुपये के चक्कर में सील हुई दुकान

वीडियो पर लिखे टेक्स्ट में भी यही बात कही गई है कि पिता का यह रूप सिर्फ बेटियां ही जानती हैं. शायद यही वजह है कि इस वीडियो को देखकर लोग भावुक हो रहे हैं. एक बेटी के लिए उसके पिता का प्यार कई बार ऐसे ही छोटे-छोटे पलों में नजर आता है, जिन्हें वह जिंदगीभर याद रखती है. वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा कि बाप अमीर-गरीब नहीं होता, बाप-बाप होता है. वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि बेटी की बात आते ही पिता का दिल पिघल जाता है. कई लोगों ने हार्ट इमोजी के जरिए इस पिता और बेटी पर अपना प्यार बरसाया.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More



Exit mobile version