सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिव प्रसाद देर रात अपने रिश्तेदार के घर से लौटते समय राकेश राजपूत के घर रुका था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि शिव प्रसाद और राकेश राजपूत की बेटी के बीच प्रेम-प्रसंग था। आशंका है कि इसी संबंध को लेकर लड़की के परिजनों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
मृतक के भाई गुरु प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि कुछ लोगों ने मेरे भाई की हत्या की है। शाम को मेरे भाई से मेरी मां की बात हुई थी। उसने बताया कि हम आ रहे है, लेकिन देर रात भाई का फोन आया कि मुझे बचा लो, मुझे मारा जा रहा है। जिसके बाद मेरे परिवार वाले भागकर गए, लेकिन उन लोगों ने तब तक बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। घटना में गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मारपीट के दौरान युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
