सोशल मीडिया की दीवानगी का खौफनाक वीडियो वायरलImage Credit source: X/@Mariyam_MBD
आजकल सोशल मीडिया पर वायरल होने का बुखार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. लाइक्स और व्यूज के चक्कर में लोग अपनों की सुरक्षा तक भूल रहे हैं. हाल ही में इंटरनेट पर एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी गुस्सा फूट पड़ेगा.
यह मामला एक बीच का है, जहां एक माता-पिता समंदर किनारे अपनी रील बनाने में बिजी थे. वायरल क्लिप में साफ दिखता है कि कपल फोन पर कैमरा ऑन करके वॉक कर रहा था और उनके पास ही उनकी छोटी बच्ची भी थी. तभी अचानक बच्ची पानी के पास फिसलती है और समंदर की तेज लहर उसे अपनी चपेट में ले लेती है.
सबसे डरावनी बात यह थी कि बच्ची पानी में डूबने से बचने के लिए संघर्ष कर रही थी, लेकिन माता-पिता का ध्यान सिर्फ अपने फोन और कैमरे पर था. महिला ने एक बार पीछे मुड़कर देखा भी, लेकिन फिर से कैमरे के लिए पोज देने लगी, जबकि पिता लगातार वीडियो शूट करता रहा.
ऐसे बची बच्ची की जान
वहां मौजूद एक अन्य शख्स की नजर इस बच्ची पर पड़ गई. वीडियो में आप देखेंगे कि शख्स बिना एक सेकंड गंवाए पानी की तरफ दौड़ा और समय रहते बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. गनीमत रही कि शख्स की नजर समय पर पड़ गई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था.
लोगों का फूटा गुस्सा
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है. यूजर्स का कहना है कि आज के दौर में लोग लाइक्स के लिए इतने अंधे हो गए हैं कि उन्हें अपने बच्चों की भी परवाह नहीं है. एक यूजर ने लिखा, रील का तो रीटेक हो सकता है, लेकिन जिंदगी का कोई रीटेक नहीं होता.
भले ही कुछ लोग इस वीडियो को स्क्रिप्टेड बता रहे हैं, लेकिन यह घटना आज के दौर की कड़वी सच्चाई को बयां करती है कि कैसे सोशल मीडिया की दीवानगी लोगों की जिम्मेदारी और समझदारी पर भारी पड़ रही है.
यहां देखिए वायरल वीडियो
आज Husband के साथ समुन्द्र पर घूमने गई थी जहाँ हमने देखा एक पति पत्नी Reel बनाने में इतने मगन थे अपनी बच्ची को पानी में ही छोड़ दिया।
बच्ची समुन्द्र की लहरों में बहने से बच गई एक भय्या ने ध्यान दिया और बचा लिया।
क्या अब Reel बाजी लोगों के लिए इतनी जरूरी हो गई है अपने बच्चों… Real news
— 𝗠𝗮𝗿𝗶𝘆𝗮𝗺_𝗠𝗕𝗗 (@Mariyam_MBD) October 19, 2026
Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
