लग्जरी कार, महंगा रेस्टोरेंट और 1 लाख का खर्च, फिर भी लड़की ने किया रिजेक्ट, शख्स ने वापस मांगे अपने पैसे

डेट के बाद कपल ने किया रिजेक्ट Image Credit source: X/@TRHLofficial

पहली डेट को खास बनाने के लिए एक शख्स ने लग्जरी कार बुक की, महंगे रेस्टोरेंट में टेबल रिजर्व कराई और खाने-पीने पर 1 लाख रुपये से ज्यादा खर्च कर दिए. लेकिन इतनी तैयारी और पैसे खर्च करने के बाद भी बात आगे नहीं बढ़ी. महिला ने उसके साथ रिश्ता बनाने से इनकार कर दिया. वजह बताई गई उसका गंजापन. इसके बाद मामला तब और चर्चा में आ गया, जब शख्स ने कथित तौर पर महिला से डेट पर खर्च किए गए पैसे वापस मांग लिए. अब यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

दरअसल, X पर @raqisright नाम से मौजूद एक महिला ने अपनी पहली डेट का अनुभव शेयर किया. उसके मुताबिक, शख्स ने मुलाकात को यादगार बनाने के लिए खास इंतजाम किए थे. उसे लेने के लिए लग्जरी कार भेजी गई और एक महंगे रेस्टोरेंट में पहले से बुकिंग भी कराई गई थी. डेट के दौरान उस शख्स ने महिला के लिए दरवाजे खोले और खाने-पीने से लेकर बाकी चीजों तक का पूरा ध्यान रखा.

रिजेक्शन के बाद वापस मांगी रकम

महिला ने अपने पोस्ट में लिखा, “उसने मेरे लिए दरवाजे खोले और कहा कि अपना दिमाग बंद रखो. पूरी शाम उसने ही सब कुछ ऑर्डर किया. मुझे उसके साथ काफी सेफ महसूस हुआ. उसकी बातों से लगा कि डेट के दौरान उसे शख्स का व्यवहार अच्छा लगा था और उसने उसकी खातिरदारी की भी तारीफ की.

हालांकि, इसके बावजूद महिला ने उसके साथ रिश्ता आगे बढ़ाने का फैसला नहीं किया. उसने बताया कि उसने शख्स को सिर्फ दोस्त के तौर पर रखने का फैसला किया, क्योंकि वह गंजा था. महिला की यह बात सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग राय रखनी शुरू कर दी.

मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. महिला ने एक और पोस्ट शेयर किया, जिसमें कथित तौर पर उस शख्स ने उससे 1,050 डॉलर यानी करीब 1 लाख रुपये लौटाने को कहा. बताया गया कि यह वही रकम थी, जो उसने दोनों की डेट पर खर्च की थी. महिला ने इस पोस्ट के साथ लिखा कि अब शिष्टाचार और दरियादिली का जमाना खत्म हो गया है. इसके बाद बहस और तेज हो गई.

कुछ लोगों ने महिला के फैसले पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि जब उसे शख्स की शक्ल-सूरत पसंद नहीं थी, तो इतनी महंगी डेट का हिस्सा बनने से पहले उसे इस बारे में सोच लेना चाहिए था. वहीं, कई यूजर्स ने महिला का पक्ष लेते हुए कहा कि किसी के साथ डेट पर जाने या उसकी खातिरदारी स्वीकार करने का मतलब यह नहीं है कि उस व्यक्ति के साथ रिश्ता बनाना भी जरूरी हो जाता है.

यह भी पढ़ें: जिस उम्र में लोग गाड़ी चलाना छोड़ देते हैं, उस उम्र में ट्रक दौड़ाती हैं 72 साल की दादी, हुनर ने सोशल मीडिया पर मचा दी धूम

लोगों के बीच इस बात पर भी चर्चा हुई कि डेट पर पैसे खर्च करना किसी की अपनी मर्जी है. अगर कोई व्यक्ति अपनी पसंद से महंगे इंतजाम करता है, तो क्या रिश्ता आगे न बढ़ने पर वह पैसे वापस मांग सकता है? फिलहाल, इस मामले ने एक बार फिर डेटिंग के बदलते तौर-तरीकों पर बहस छेड़ दी है. कुछ लोग शख्स की नाराजगी को समझ रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि महंगे तोहफे या डेट किसी पर रिश्ता बनाने का दबाव नहीं डाल सकते.

यहां देखिए पोस्ट

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

Exit mobile version