हाईवे की सर्विस लेन पर सूख रही थी मक्का, ASI ने समझाया कानून तो झट से मान गए किसान

पुलिस और किसान का वीडियो हुआ वायरल Image Credit source: Instagram/ afaqkhan_tsi_kannauj •

अब तक घर की छत और आंगन में सूखने वाला अनाज धीरे-धीरे हाईवे तक पहुंच गया है. कन्नौज में कुछ किसान अपनी मक्का सुखाने के लिए हाईवे और उसके किनारे बनी सर्विस लेन का इस्तेमाल कर रहे थे. सबसे मजेदार बात ये कि किसानों को इसमें कुछ गलत लग ही नहीं रहा था. उनके लिए तो ये बस धूप में अनाज फैलाने जैसा आम काम था. लेकिन जब पुलिस को मौके पर आना पड़ा, तब जाकर बात बनी.

मामला संभालने पहुंचे ASI ने किसानों से सीधे-सीधे एफआईआर की बात कह दी. बस, इसी एक बात ने असर कर दिया और किसान मक्का हटाने को राजी हो गए. यानी पुलिस वाले ने जो चाहा था, वही हुआ. इस पूरे वाकये का वीडियो इंस्टाग्राम पर afaqkhan_tsi_kannauj नाम के चैनल से शेयर किया गया है. वीडियो में सड़क पर बिछी मक्का साफ दिखती है और वहीं पुलिस के साथ दो किसान भी खड़े हैं. ASI उनसे पूछते हैं कि भाई, तुमने तो आधी सर्विस लेन घेर ली है. रात में अगर कोई गाड़ी वाला धोखा खा गया तो क्या होगा? इस पर किसान बड़े आराम से कहता है कि रात को हम मक्का पीछे कर लेते हैं.

अनाज सुखाने पर ASI की क्लास

यहीं ASI समझाते हैं कि अब पहले वाली बात नहीं रही, कानून बदल चुका है. उनके मुताबिक अगर यहां कोई हादसा हुआ, तो एफआईआर में उसकी वजह भी लिखी जाएगी. वजह होगी सड़क पर पड़ी मक्का, और जब वजह मक्का होगी तो नाम उसी का आएगा जिसने मक्का डाली थी. यानी सीधे आप पकड़ में आओगे.

वो आगे कहते हैं कि अगर किसी का भी कुछ नुकसान हुआ, तो उसके जिम्मेदार तुम ही माने जाओगे. चाहे किसी की गाड़ी टूट जाए या किसी की जान चली जाए, सारी जवाबदेही तुम पर आएगी. फिर वे दोबारा याद दिलाते हैं कि आधी सर्विस लेन तो तुमने पहले ही घेर रखी है, इसलिए वजह में तुम्हारा ही नाम चढ़ेगा. एफआईआर का नाम सुनते ही किसानों के चेहरे का रंग बदल गया और उन्होंने अनाज हटाने की हामी भर दी.

जिन टीएसआई अफाक खान ने ये वीडियो बनाया है, वो कन्नौज में तैनात हैं और अपने इलाके में काफी मशहूर हैं. ऐसे वीडियो वो पहले भी बना चुके हैं. वो शहर में घूम-घूमकर लोगों को जागरूक करते रहते हैं. कभी शराब पीकर बैटरी रिक्शा चला रहे चालक को रोक लेते हैं, तो कभी बंद रेलवे फाटक के नीचे से निकल रहे लोगों को टोक देते हैं.

यह भी पढ़ें: रिजाइन लेकर महीनों तक घूमा, फिर छोड़ दी Oracle की नौकरी, अब अपने बिजनेस से है इतनी कमाई

उनका तरीका सख्ती से ज्यादा समझाने वाला है, और शायद इसीलिए लोग उनकी बात सुनते भी हैं. सड़क पर अनाज सुखाना भले ही किसान को मामूली बात लगे, लेकिन रात के अंधेरे में वो किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है. अच्छी बात ये रही कि मामला बिना किसी कार्रवाई के सुलझ गया और किसानों को भी बात समझ आ गई.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More



Exit mobile version