भारतीय घरेलू सहायिका मरियम शेखImage Credit source: Instagram/@kavanisister
एक सोशल मीडिया क्रिएटर ने अपनी भारतीय घरेलू सहायिका और दोस्त मरियम शेख के लिए ऐसा काम कर दिखाया है, जिसने पूरी दुनिया का दिल जीत लिया है. हांगकांग की रहने वाली कंटेंट क्रिएटर अबीर तबखी ने मरियम को अपना खुद का घर दिलाने के लिए एक क्राउडफंडिंग कैंपेन शुरू किया है, जिसके जरिए अब तक लगभग 4.7 लाख रुपए जुटाए जा चुके हैं. सोशल मीडिया पर इस नेक पहल की जमकर सराहना हो रही है.
दर्द और संघर्ष से भरा अतीत
अबीर ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट के जरिए बताया कि मरियम पर्दे के पीछे बेहद कठिन जिंदगी जी रही हैं. जिस परिवार ने उन्हें पांच साल की उम्र में गोद लिया था, उन्होंने सालों तक उनसे जबरन घरेलू काम करवाए और उनकी कमाई का एक-एक पैसा हड़प लिया. मरियम को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा, साथ ही उनके सांवली रंग-रूप का मजाक भी उड़ाया गया. इन सभी जुल्मों से आजाद होने के बाद आज उनके पास रहने के लिए अपना खुद का घर तक नहीं है.
पति की गंभीर बीमारी का बोझ
मरियम की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं. उनके पति एक लाइलाज और गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, जिसके इलाज के लिए मरियम अपनी सारी कमाई और बची-कुची जमापूंजी उनके मेडिकल बिल चुकाने में खर्च कर देती हैं. इसके बावजूद वह हर दिन बेहद सकारात्मकता और असीम दयालुता के साथ काम पर आती हैं. अबीर ने इस अभियान के जरिए उन तमाम बलिदानों के लिए मरियम को धन्यवाद देने का बीड़ा उठाया है, जो उन्होंने हमेशा दूसरों के लिए दिए.
सोशल मीडिया पर मिल रही भारी सराहना
GoFundMe पेज के जरिए शुरू किए गए इस कैंपेन का टारगेट 4,500 पाउंड (लगभग 57 लाख रुपए) जुटाना है. अब तक 257 से ज्यादा लोगों ने इस मुहिम में दिल खोलकर दान दिया है. इंटरनेट यूजर्स अबीर की इस दरियादिली और मरियम के जज्बे को सलाम कर रहे हैं. लोग कमेंट्स में मरियम को ढेर सारा प्यार, शांति और उनके नए आशियाने के लिए शुभकामनाएं भेज रहे हैं.
