OMG! नई नौकरी के पहले दिन ही हुआ ऐसा कांड, ढाई घंटे बाद ऑफिस से निकला शख्स, वजह सुनकर शख्स भी रह गया दंग

2.5 में किया ऑफिस के बाहर Image Credit source: Getty Images

अमेरिका में रहने वाले एक शख्स के लिए करीब साढ़े नौ महीने से चल रही नौकरी की तलाश आखिरकार खत्म होती नजर आई. काफी लंबे समय तक बेरोजगार रहने के बाद उसे एक टेम्प एजेंसी के जरिए नई नौकरी मिली. नौकरी उसकी पिछली नौकरी से बेहतर पैकेज वाली थी, इसलिए वह काफी खुश था. पहले दिन को खास बनाने के लिए उसने रात में नहाकर एक नई पोलो शर्ट भी निकालकर रख दी थी. लेकिन उसे क्या पता था कि नौकरी का पहला दिन शुरू होने के महज ढाई घंटे बाद ही खत्म हो जाएगा.

शख्स ने Reddit के r/BoyDinnerDiaries पर अपनी पूरी कहानी शेयर की. उसकी पोस्ट का टाइटल था कि नई नौकरी शुरू करने के 2.5 घंटे बाद मुझे निकाल दिया गया. उसने बताया कि वह करीब नौ महीने छह हफ्ते से बेरोजगार था. इस दौरान उसके बेरोजगारी भत्ते के पैसे भी खत्म हो चुके थे. ऐसे में नई नौकरी मिलना उसके लिए काफी बड़ी राहत थी. पहले दिन वह तय समय पर ऑफिस पहुंचा. सुपरवाइजर ने उसे ऑफिस दिखाया और वहां काम करने वाले लोगों से उसका परिचय कराया. नई जगह उसे काफी अच्छी लगी. खासतौर पर ऑफिस की किचन और बाथरूम की सुविधाएं देखकर वह प्रभावित हुआ. उसका कहना था कि पिछली नौकरियों में उसे ऐसी सुविधाएं कभी नहीं मिली थीं.

ढाई घंटे बाद ऑफिस से निकला शख्स

इसके बाद सुपरवाइजर ने उसे उसके काम के बारे में समझाया. करीब 10 बजे एक दूसरा कर्मचारी उसकी ट्रेनिंग देने लगा. कुछ देर बाद सुपरवाइजर वापस आई और उससे कहा कि वह दोपहर से पहले ही लंच कर सकता है. इसके बाद वह ट्रेनर को अपने साथ एक मीटिंग में ले गई. कुछ समय बाद ट्रेनर वापस आया, लेकिन उसने शख्स से कहा कि उसे कुछ जरूरी काम पूरा करना है, इसलिए फिलहाल वह वहीं बैठा रहे. इसके बाद सुपरवाइजर ने एक बार फिर उसे जल्दी लंच करने के लिए कहा. लेकिन जैसे ही वह ऑफिस से बाहर निकलने लगा, टेम्प एजेंसी का फोन आ गया. फोन पर उसे बताया गया कि कंपनी ने उसकी सर्विस खत्म कर दी है. वजह बताई गई, हाइजीन से जुड़ी समस्या.

यह सुनकर शख्स हैरान रह गया. उसका कहना था कि उसने नौकरी के पहले दिन के लिए खास तौर पर नहाया था, अच्छी तरह तैयार हुआ था और नई शर्ट पहनी थी. उसे खुद लगा कि उसके कपड़ों पर शायद लिंट रोलर की जरूरत थी, लेकिन इसके अलावा उसे अपने अंदर कोई ऐसी बात नजर नहीं आई जिसे हाइजीन की समस्या कहा जा सके.

सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात यह थी कि कंपनी या सुपरवाइजर ने उसे साफ-साफ यह नहीं बताया कि आखिर समस्या क्या थी. उसने अपने दो दोस्तों से भी इस बारे में पूछा. दोनों ने कहा कि उसके शरीर से कोई खराब गंध नहीं आ रही थी. एक दोस्त ने तो उसके काफी करीब जाकर भी जांच की और सिर्फ हल्की पसीने की गंध महसूस की.

बाद में उसने अपनी Reddit पोस्ट में कुछ और बातें भी साफ कीं. उसने बताया कि वह रोज ब्रश और फ्लॉस करता है, हाल ही में डेंटिस्ट के पास भी गया था, धूम्रपान नहीं करता और उसका घर भी धुएं से मुक्त है. उसने काम पर जाने से पहले अच्छी तरह नहाया था और उसके कपड़ों या बॉडी स्प्रे से भी कोई तेज गंध नहीं आ रही थी. तमाम कोशिशों के बावजूद उसे यह पता नहीं चल पाया कि आखिर उन ढाई घंटों में ऐसा क्या हुआ था कि नौकरी हाथ से निकल गई. उसका कहना था कि टेम्प एजेंसी ने भी कंपनी का पक्ष लेते हुए उससे दूरी बना ली.

यह भी पढ़ें: Viral Video: कुर्सी बेचने के लिए दुकानदार ने किया गजब का कारनामा, पहले पीटा, फिर कूदा और आखिर में उसी पर करने लगा डांस

Reddit पर लोगों ने उसकी कहानी पढ़कर सहानुभूति जताई. कुछ यूजर्स ने अंदाजा लगाया कि शायद कंपनी को किसी और वजह से उसे हटाना था और हाइजीन सिर्फ एक बहाना था. वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि ऐसी घटना किसी को भी अपने बारे में जरूरत से ज्यादा सोचने पर मजबूर कर सकती है. करीब साढ़े नौ महीने की बेरोजगारी के बाद मिली नौकरी का पहले ही दिन खत्म हो जाना उसके लिए बेहद निराशाजनक था. सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है, आखिर उन शुरुआती ढाई घंटों में ऐसा क्या हुआ था?

Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More

Exit mobile version