अंग्रेजी नहीं बोल पाया वेटर तो गेस्ट ने जड़ दिया थप्पड़? होटल मैनेजमेंट ने लिया बड़ा फैसला

मेहमान की एंट्री पर बैन Image Credit source: AI

होटल में मेहमानों की खातिरदारी करना कर्मचारियों की जिम्मेदारी होती है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि उनके साथ कोई भी बदसलूकी कर सकता है. ताज आगरा में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया, जहां सर्विस को लेकर हुई गलतफहमी के बाद एक गेस्ट ने कथित तौर पर वेटर को थप्पड़ मार दिया. घटना की जानकारी मिलने पर होटल मैनेजमेंट ने सख्त कदम उठाते हुए उस मेहमान को हमेशा के लिए बैन कर दिया.

इस पूरे मामले की जानकारी SLMG Beverages Pvt Ltd और Sincere Developers के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर परितोष लधानी ने LinkedIn पर एक पोस्ट के जरिए दी. ये कंपनियां होटल की मैनेजमेंट से जुड़ी हैं. अपनी पोस्ट में परितोष ने घटना पर गुस्सा जाहिर किया और बताया कि वेटर के चुप रहने की वजह जानकर उन्हें काफी दुख हुआ.

अंग्रेजी को लेकर हुई गलतफहमी, गेस्ट ने जड़ दिया थप्पड़

परितोष के मुताबिक, होटल के रेस्टोरेंट में कांती नाम का एक वेटर मेहमान को सर्विस दे रहा था. इसी दौरान बातचीत में कुछ गलतफहमी हो गई. कांती की अंग्रेजी पर अच्छी पकड़ होने की वजह से बात ठीक से समझ नहीं आ सकी. आरोप है कि इस छोटी-सी बात पर मेहमान ने अपना आपा खो दिया और वेटर को थप्पड़ मार दिया. परितोष ने अपनी पोस्ट में साफ लिखा कि इस घटना के बाद उन्होंने उस गेस्ट को ताज आगरा में दोबारा कभी न आने देने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि उनकी टीम के किसी भी सदस्य के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह था कि कांती ने खुद इसकी शिकायत नहीं की थी. जब परितोष को मामले का पता चला और उन्होंने वेटर से पूछा कि उसने पहले क्यों नहीं बताया, तो उसकी वजह सुनकर वह भावुक हो गए. कांती एक गरीब किसान परिवार से आता है. उसका परिवार आगरा के पास एक गांव में रहता है. उसके लिए ताज जैसे बड़े होटल में नौकरी करना किसी सपने के सच होने जैसा था. उसे डर था कि अगर उसने घटना की शिकायत की, तो कहीं उसकी नौकरी खतरे में न पड़ जाए.

परितोष ने अपनी पोस्ट में कांती की बात साझा करते हुए लिखा कि मैं ऐसा कुछ नहीं करना चाहता था, जिससे मेरी नौकरी खतरे में पड़ जाए या मेरा सपना टूट जाए. कांती की इस बात ने परितोष को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि कई बार कर्मचारी अपनी इज्जत के साथ हुए गलत व्यवहार पर भी इसलिए चुप रह जाते हैं, क्योंकि उन्हें अपनी रोजी-रोटी और भविष्य की चिंता होती है. परितोष ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, उन्होंने अगले ही दिन गेस्ट को होटल से बैन करने का फैसला लिया. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उस व्यक्ति पर लगाया गया बैन अब भी जारी है. उन्होंने अपनी पोस्ट में जोर देकर कहा कि किसी ग्राहक के पैसे, रुतबे या प्रभाव से यह तय नहीं होना चाहिए कि उसके साथ काम करने वाले लोगों के साथ कैसा व्यवहार किया जाए.

यह भी पढ़ें: कर्ज से छुटकारा मिला, लेकिन बचत जीरो! 34 साल के पिता को सता रही परिवार के भविष्य की चिंता

परितोष ने लिखा कि मेरी टीम के किसी भी सदस्य का अपमान करने का हक किसी को नहीं है. शारीरिक हमला करना तो बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जा सकता. परितोष ने इस घटना के जरिए कंपनियों और होटल मैनेजमेंट को एक जरूरी संदेश भी दिया. उनके मुताबिक, अगर कर्मचारी अपनी इज्जत के लिए आवाज उठाने से डरते हैं, तो उनकी मदद करना और उनके साथ खड़ा होना मैनेजमेंट की जिम्मेदारी है.

यहां देखिए पोस्ट

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

Exit mobile version