96 की उम्र में अमेरिकी बुजुर्ग का अनूठा गिनीज रिकॉर्ड
Image Credit source: www.guinnessworldrecords.com
जिंदगी कब और कौन सा सरप्राइज दे दे, यह कोई नहीं जानता. उम्र तो बस एक नंबर है…इस बात को अमेरिका के रहने वाले 96 साल के एक बुजुर्ग ने सच साबित कर दिखाया है. नॉर्मन टूसिग्नेंट (Normand Tousignant) ने इस उम्र में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) में अपना नाम दर्ज कराया है. लेकिन खास बात यह है कि उन्हें यह रिकॉर्ड अपनी उम्र के लिए नहीं, बल्कि 92 साल की उम्र में पहली बार दादा बनने के लिए मिला है.
92 की उम्र में गूंजी किलकारी, परिवार में आया चमत्कार
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आम तौर पर लोग 92 साल की उम्र में परपोते-परपोतियों या उनके भी बच्चों को खिलाने की उम्र में होते हैं. लेकिन 22 सितंबर 2022 का दिन नॉर्मन के परिवार के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था. इस दिन उनके घर एक नन्हीं परी का जन्म हुआ, जिसका नाम मैडिसन (Madison) रखा गया. जब मैडिसन का जन्म हुआ, तब नॉर्मन की उम्र ठीक 92 साल और 24 दिन थी. इस उम्र में पहली बार दादा बनने की खुशी ने इस परिवार की दुनिया ही बदल दी.
96वें जन्मदिन पर मिला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का ताज
इस अनोखी घटना के बाद नॉर्मन के परिवार ने इसके बारे में रिसर्च की और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से संपर्क किया. आखिरकार जब अगस्त 2026 में नॉर्मन अपना 96वां जन्मदिन मना रहे थे, तब उन्हें आधिकारिक तौर पर ‘दुनिया के सबसे उम्रदराज पहले बार बने दादा’ (Oldest First-Time Grandfather) के खिताब से नवाजा गया.
किस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा?
नॉर्मन टूसिग्नेंट से पहले यह अनोखा रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के चार्ल्स स्मिथ (Charles Smith) के नाम दर्ज था. नॉर्मन ने उनसे लगभग छह महीने के अंतर से इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और नया इतिहास रच दिया. सोशल मीडिया पर यह प्रेरणादायक कहानी तेजी से वायरल हो रही है और लोग यही कह रहे हैं- खुशियां मिलने की कोई उम्र नहीं होती.
