चीन में भयंकर तूफान का कहर, कहीं खंभे से चिपके लोग तो कहीं पानी में डूबा शहर, डरा देंगे ये VIDEOS

चीन ने तूफान ने मचाई तबाहीImage Credit source: X/@AMAZlNGNATURE/@ShenzhenPages/@RT_com

सुपर टाइफून रागासा ने चीन से लेकर ताइवान और फिलीपींस में तबाही मचा दी है. हांगकांग में तो तेज हवाओं ने एक पैदल यात्री पुल की छत के हिस्से उड़ा दिए, जबकि शहर भर में सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए. वहीं, एक विशालकाय जहाज तट से टकरा गया, जिससे तट के किनारे लगी कांच की रेलिंग भी टूट गई. इतना ही नहीं, कई जगहों पर तो इतनी तेज हवाएं चलीं कि इंसान ही उड़ गए, जबकि ग्वांगझू में हर जगह पानी ही पानी दिखाई दे रहा है. सोशल मीडिया पर इस भयंकर तूफान और तबाही से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जो काफी डरावने हैं.

एक वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे स्टेशन पर कुछ लोग खड़े हैं और वहां भयंकर तूफान चल रहा है. तूफान इतना तेज है कि किसी को भी उड़ाकर अपने साथ ले जाए. कई यात्रियों ने तो बड़े से खंभे को पकड़ रखा था, जिससे वो बच गए, लेकिन एक यात्री का बैग तूफान में उड़ गया. इसके अलावा वीडियो में कई दूसरी जगहों के भी सीन दिखाए गए हैं, जिसमें हवा में उड़ती चीजों को दिखाया गया है.

सड़कें बन गईं नदी

इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि ग्वांगझू में सड़कों पर लबालब पानी भरा हुआ है. ऐसा लग रहा है जैसे वहां कोई नदी हो, जिसका पानी उफान पर है. पूरा शहर सूनसान लग रहा है जैसे वहां कोई रहता ही न हो. ऐसे डरावने नजारे आमतौर पर फिल्मों में ही देखने को मिलते हैं कि पूरा का पूरा शहर ही वीरान पड़ा हो.

होटल में भरा पानी

एक और वीडियो जो वायरल हो रहा है, उसमें दिखाया गया है कि पानी की लहरें एक होटल के दरवाजों से टकराती हैं और उसके अंदरूनी हिस्सों में पानी भर जाता है. होटल में काम करने वाले कर्मचारी भी इस नजारे को देखकर डर जाते हैं.

तूफान की वजह से 17 लोगों की मौत

अधिकारियों के मुताबिक, पूर्वी ताइवान में रागासा तूफान के कारण एक पहाड़ी झील का बांध टूट जाने से 17 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हैं और कई लापता हैं. इतना ही नहीं, तूफान की वजह से चीन में लगभग 19 लाख लोगों को ग्वांगडोंग प्रांत में स्थानांतरित किया गया है.



Exit mobile version