बेंगलुरु आई विदेशी महिला के साथ बीच सड़क ड्रामा, कैब ड्राइवर की इस हरकत पर भड़के लोग; देखें वीडियो

बेंगलुरु में अमेरिकी महिला के साथ हुआ बुरा सलूक!Image Credit source: Instagram/@danamarie.irl

अमेरिका से बेंगलुरु आई डाना मैरी (Dana Marie) नाम की एक महिला के साथ कुछ ऐसा हुआ कि अब यह पूरा मामला इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो रहा है. इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोग कैब ड्राइवरों की मनमानी पर सवाल उठा रहे हैं. आखिर ऐसा क्या हुआ, जो विदेशी महिला को बीच सड़क पर उतरना पड़ा? आइए पूरी कहानी जानते हैं.

क्यों हुआ ड्राइवर और विदेशी महिला के बीच विवाद?

डाना मैरी कुछ काम से बेंगलुरु में थीं. भीड़भाड़ और पार्किंग की समस्या से बचने के लिए उन्होंने एक जगह जाने के लिए उबर बुक किया. पहली राइड बिल्कुल सही रही और वह अपने डेस्टिनेशन तक पहुंच गईं. लेकिन जब वह वापस घर लौटने के लिए दूसरी उबर कैब बुक करके बैठीं, तो असली ड्रामा शुरू हो गया.

राइड शुरू होने के महज 3-5 मिनट के भीतर ही ड्राइवर ने गाड़ी रोकने को कहा और दावा किया कि ऐप में दिखाया गया किराया कम है. ड्राइवर का कहना था कि उसे रास्ते के टोल टैक्स के लिए अलग से पैसे चाहिए.

‘एक रुपया ज्यादा नहीं दूंगी’

डाना मैरी ने ड्राइवर की इस मांग का कड़ा विरोध किया. उन्होंने साफ कर दिया कि उबर के ऐप पर जो किराया दिख रहा है, उसमें टोल टैक्स पहले से ही शामिल होता है. वह पहले भी कई बार इसी रास्ते से आ चुकी हैं और किसी भी ड्राइवर ने कभी अलग से टोल के पैसे नहीं मांगे. उन्होंने ड्राइवर से यह भी कहा कि अगर कोई कन्फ्यूजन है, तो वे सीधे उबर कंपनी को कॉल करके बात कर सकते हैं.

बीच चौराहे पर गाड़ी से उतरने का दबाव

डाना के मानने से इनकार करने पर ड्राइवर गुस्से में आ गया. उसने एक व्यस्त तिराहे के बीच में ही डाना को कार से जबरन उतरने के लिए कह दिया. जब उन्होंने असुरक्षित महसूस करते हुए उतरने से मना किया, तो ड्राइवर ने गाड़ी को साइड में लगाकर उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया.

मजबूर होकर डाना को उस असुरक्षित माहौल में कार से उतरना पड़ा. उन्होंने करीब 10 मिनट तक अगली कैब का इंतजार किया. गनीमत रही कि दूसरा ड्राइवर आया और उसने बिना किसी अतिरिक्त टोल की मांग के उन्हें सुरक्षित घर पहुंचा दिया.

उबर ने क्या कहा?

घटना के बाद डाना ने सच्चाई जानने के लिए तुरंत उबर कस्टमर केयर पर कॉल किया. कंपनी ने कंफर्म किया कि टोल टैक्स किराए का ही हिस्सा था और ड्राइवर की मांग पूरी तरह गलत थी. डाना ने इस घटना की आधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई. उन्होंने अपनी पोस्ट में उस कैब का नंबर KA52B5047 भी शेयर किया है.

इस वायरल पोस्ट पर अब नेटिजन्स जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि ऐसे चालकों के नाम और नंबर सबके सामने आने चाहिए ताकि कार्रवाई हो सके. दूसरे यूजर ने कमेंट किया कि बेंगलुरु के खराब ट्रैफिक के बीच कैब और ऑटो चालकों की मनमानी एक बहुत बड़ी समस्या बन चुकी है. वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें.

Dana Marie

Image credit: Instagram/@danamarie.irl

अभिषेक राय

अभिषेक राय (Abhishek Roy) अभी TV9 भारतवर्ष के डिजिटल विंग में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (Assistant News Editor) हैं. पत्रकारिता में उन्हें 14 साल से ज्यादा का अनुभव है और इस फील्ड में उनकी अपनी एक अलग पहचान है. अपने करियर में उन्होंने कई बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया है.

शुरुआत में वे भोपाल के ‘पीपुल्स समाचार’ अखबार (Peoples Samachar) से जुड़े. यहां उन्होंने प्रिंट मीडिया का काम सीखा. इसके बाद वे दैनिक भास्कर (Dainik Bhaskar) ग्रुप में लंबे समय तक रहे. खास बात ये कि उन्होंने भास्कर के अखबार और वेबसाइट, दोनों जगह काम किया. इससे उन्हें पुरानी और नई, दोनों तरह की पत्रकारिता का अनुभव मिला. अभिषेक ने अहमदाबाद के ‘जानो दुनिया’ (Jano Duniya) न्यूज चैनल में भी काम किया. यहां उन्होंने टीवी मीडिया में अपनी काबिलियत दिखाई.

अभिषेक को राजनीति और विदेशी मामलों की अच्छी समझ है. वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक कूटनीति को बहुत ही बारीकी से समझते हैं. हालांकि, वर्तमान में डिजिटल मीडिया की बदलती मांग को देखते हुए वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. इन दिनों वे ट्रेंडिंग खबरों, वायरल टॉपिक्स और हटके कंटेंट पर काम कर रहे हैं.

अभिषेक के लिए पत्रकारिता महज एक पेशा या सिर्फ पाठकों तक सूचनाएं या खबरें पहुंचाना नहीं है. उनका विजन और उद्देश्य इससे कहीं अधिक व्यापक है. वे मानते हैं कि एक पत्रकार के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि पाठकों को हर बार कुछ नया और अनूठा पढ़ने को मिले. कंटेंट ऐसा हो जो पाठकों की सोच के दायरे को विस्तृत करे और उन्हें एक नया नजरिया दे.

अभिषेक को पत्रकारिता के साथ-साथ ट्रैवलिंग का भी शौक है. भागदौड़ भरी जिंदगी से जब भी फुर्सत मिलती है, वे पहाड़ों की तरफ निकल जाते हैं और सुकून के पल बिताते हैं.

Read More



Exit mobile version