सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शॉकिंग स्टंट वीडियोImage Credit source: Instagram/@chebotarev_evgeny
सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज का नशा इस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है कि लोग अपनी जान और बेशकीमती चीजों की भी परवाह नहीं कर रहे हैं. रूस के मशहूर डेयरडेविल और स्टंटमैन येवगेनी चेबोटारेव (Yevgeny Chebotarev) ने रील के चक्कर में एक ऐसा खतरनाक कारनामा कर दिखाया है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए हैं. उन्होंने एक चलती हुई लीमोजीन कार की छत पर भारी-भरकम हेलिकॉप्टर खड़ा किया और उसे पहाड़ से नीचे खाई में गिरा दिया. इस स्टंट में करोड़ों की कीमत वाले हेलिकॉप्टर और कार के परखच्चे उड़ गए.
कैसे दिया गया इस खतरनाक स्टंट को अंजाम?
वायरल वीडियो की शुरुआत में एक लीमोजीन कार सड़क पर खड़ी दिखाई देती है, जिसकी छत पर एक चालू हालत में हेलिकॉप्टर रखा है. हेलिकॉप्टर के पंखे बेहद तेज रफ्तार से घूम रहे थे और इंजन की तेज आवाज गूंज रही थी.
इसके बाद स्टंटमैन येवगेनी चेबोटारेव कार की ड्राइविंग सीट पर बैठते हैं. वीडियो में आप देखेंगे कि हेलिकॉप्टर के वजन और उसके रोटर की वजह से कार बुरी तरह हिलने लगती है. तभी येवगेनी एक लकड़ी के टुकड़े की मदद से कार के एक्सीलरेटर को जाम कर देते हैं और चलती कार से छलांग लगाकर बाहर कूद जाते हैं. कुछ ही सेकंड में कार समेत वह हेलिकॉप्टर पहाड़ी से कई मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरता है. जमीन से टकराते ही दोनों के टुकड़े-टुकड़े हो गए.
कौन हैं येवगेनी चेबोटारेव?
रूस के रोस्तोव ऑन डॉन के रहने वाले येवगेनी चेबोटारेव सोशल मीडिया पर अपने जानलेवा और अतरंगी कारनामों के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं. उनके स्टंट्स में हमेशा हाई स्पीड गाड़ियां और भारी-भरकम मशीनरी शामिल होती हैं. हालांकि, इस तरह के खतरनाक कारनामों की वजह से वह कई बार गंभीर हादसों का शिकार हो चुके हैं और उनकी हड्डियां भी टूट चुकी हैं, लेकिन उनके पागलपन और हौसले में कोई कमी नहीं आई है. यह भी पढ़ें: हेलिकॉप्टर के घूमते पंखे पर खड़े होकर रूसी शख्स ने किया स्टंट, VIDEO देख कांप जाएगी रूह!
यहां देखिए वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इस वीडियो के वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. एक यूजर ने लिखा, अब ये क्या बेवकूफी है भाई, सिर्फ लाइक्स और व्यूज के लिए लोग किसी भी हद तक जा सकते हैं. दूसरे यूजर ने नाराजगी जताते हुए कहा, फालतू पैसे बर्बाद करने से अच्छा था कि ये पैसे किसी जरूरतमंद में बांट दिए जाते. वहीं, कई अन्य यूजर्स रूसी डेयरडेविल के इस पागलपन को देखकर पूरी तरह हैरान और सन्न हैं.
अब देखिए दूसरे एंगल से वीडियो
