75 लाख का घर, फिर भी किराए के मकान में! आगरा के इस बुजुर्ग दंपती का वायरल वीडियो देख रो पड़ेगा आपका दिल

आगरा के बुजुर्ग दंपती का वायरल वीडियो चीख-चीख कर पूछ रहा सवाल
Image Credit source: Facebook/@ram.bilas.katara.2025

अपनी पूरी जिंदगी की मेहनत से जिस आशियाने को बनाया, बुढ़ापे में उसी घर से बाहर निकाल दिए जाने का दर्द क्या होता है, इसका अंदाजा आगरा के इस मामले से लगाया जा सकता है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक बुजुर्ग दंपती के वीडियो ने सबकी आंखें नम कर दी हैं.

वायरल हो रहे इस वीडियो में करीब 70 साल के राम बिलास कटारा और उनकी पत्नी हाथ जोड़कर मदद मांगते दिख रहे हैं. उनका कहना है कि उनके बेटे और बहू ने ही उन्हें घर से निकाल दिया है. इसी वजह से वे कई साल से किराए के घर में रह रहे हैं. अब यह मामला सोशल मीडिया से लेकर पुलिस और कोर्ट तक चर्चा में है.

75 लाख का घर बनाया, पर जनवरी 2022 से किराए पर रह रहा दंपति

वीडियो में रोते हुए बुजुर्ग दंपती ने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई से 75 लाख रुपए लगाकर यह घर बनवाया था. लेकिन आरोप है कि जनवरी 2022 में बेटे-बहू ने उन्हें घर से निकाल दिया. बुजुर्ग का कहना है कि वह कई साल से इंसाफ के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, पर कोई सुन नहीं रहा. वीडियो में बुजुर्ग महिला के आंसू देखकर हर किसी का दिल भर आ रहा है. उन्होंने अपने बेटे को औरंगजेब से भी बुरा बताया.

संपत्ति विवाद का सच क्या है?

जब यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो आगरा पुलिस ने इस पर जवाब दिया. मलपुरा थाने की जांच में नई बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ घर से निकालने का मामला नहीं है, बल्कि संपत्ति के हक और बंटवारे का झगड़ा है. जांच में पता चला है कि जिस घर को लेकर विवाद हो रहा है, वह असल में बहू के नाम पर है. फिलहाल मामला कोर्ट में है. पुलिस का कहना है कि केस कोर्ट में होने की वजह से नियमानुसार ही कार्रवाई हो रही है और वे मामले पर नजर रखे हुए हैं.

Agra Police Statement On X

Image Credit: X/@agrapolice

सोशल मीडिया पर बहस, लोग बुजुर्गों के साथ

वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. ज्यादातर लोग बुजुर्ग दंपती के साथ खड़े हैं. लोगों का कहना है कि कानूनी लड़ाई चाहे जो भी हो, बुढ़ापे में माता-पिता को इस तरह अकेला छोड़ना बिल्कुल गलत है. फिलहाल इस मामले की पूरी सच्चाई कोर्ट के फैसले के बाद ही सामने आएगी.

यहां देखिए वायरल वीडियो

अभिषेक राय

अभिषेक राय (Abhishek Roy) अभी TV9 भारतवर्ष के डिजिटल विंग में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (Assistant News Editor) हैं. पत्रकारिता में उन्हें 14 साल से ज्यादा का अनुभव है और इस फील्ड में उनकी अपनी एक अलग पहचान है. अपने करियर में उन्होंने कई बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया है.

शुरुआत में वे भोपाल के ‘पीपुल्स समाचार’ अखबार (Peoples Samachar) से जुड़े. यहां उन्होंने प्रिंट मीडिया का काम सीखा. इसके बाद वे दैनिक भास्कर (Dainik Bhaskar) ग्रुप में लंबे समय तक रहे. खास बात ये कि उन्होंने भास्कर के अखबार और वेबसाइट, दोनों जगह काम किया. इससे उन्हें पुरानी और नई, दोनों तरह की पत्रकारिता का अनुभव मिला. अभिषेक ने अहमदाबाद के ‘जानो दुनिया’ (Jano Duniya) न्यूज चैनल में भी काम किया. यहां उन्होंने टीवी मीडिया में अपनी काबिलियत दिखाई.

अभिषेक को राजनीति और विदेशी मामलों की अच्छी समझ है. वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक कूटनीति को बहुत ही बारीकी से समझते हैं. हालांकि, वर्तमान में डिजिटल मीडिया की बदलती मांग को देखते हुए वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. इन दिनों वे ट्रेंडिंग खबरों, वायरल टॉपिक्स और हटके कंटेंट पर काम कर रहे हैं.

अभिषेक के लिए पत्रकारिता महज एक पेशा या सिर्फ पाठकों तक सूचनाएं या खबरें पहुंचाना नहीं है. उनका विजन और उद्देश्य इससे कहीं अधिक व्यापक है. वे मानते हैं कि एक पत्रकार के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि पाठकों को हर बार कुछ नया और अनूठा पढ़ने को मिले. कंटेंट ऐसा हो जो पाठकों की सोच के दायरे को विस्तृत करे और उन्हें एक नया नजरिया दे.

अभिषेक को पत्रकारिता के साथ-साथ ट्रैवलिंग का भी शौक है. भागदौड़ भरी जिंदगी से जब भी फुर्सत मिलती है, वे पहाड़ों की तरफ निकल जाते हैं और सुकून के पल बिताते हैं.

Read More

Exit mobile version