हाथी के सामने अकड़कर खड़ा हुआ भैंस का बच्चाImage Credit source: Youtube/@EcoPlanet043
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसे देखकर हंसी भी आती है और उस छोटे से भैंस के बच्चे की हिम्मत पर हैरानी भी होती है. वीडियो में एक नन्हा भैंस का बच्चा अपने से कई गुना बड़े और ताकतवर हाथी के सामने पहुंच जाता है. खास बात यह है कि इतने विशाल जानवर को देखकर भी बच्चा जरा सा नहीं डरता, बल्कि उल्टा उसी की तरफ तेजी से बढ़ने लगता है.
वीडियो में नजर आता है कि हाथी अपनी ही चाल में आगे बढ़ रहा होता है. तभी अचानक भैंस का छोटा बच्चा उसके सामने आ जाता है और बिना किसी झिझक के उसकी तरफ बढ़ने लगता है. देखने में ऐसा लगता है जैसे उसे बिल्कुल अंदाजा ही नहीं है कि सामने खड़ा जानवर कितना बड़ा है. वह पूरी हिम्मत के साथ हाथी को चुनौती देने के अंदाज में आगे बढ़ता रहता है.
भैंस के बच्चे का गजब कॉन्फिडेंस
नन्हे बच्चे के इस तेवर को देखकर हाथी भी कुछ पल के लिए रुक जाता है. हालांकि, वह गुस्सा दिखाने या बच्चे पर हमला करने की कोशिश नहीं करता. इसके बजाय हाथी शांति से थोड़ा पीछे हट जाता है. उसका यह शांत रवैया देखकर ऐसा लगता है जैसे वह भी इस छोटे से बच्चे की हरकत को नजरअंदाज करना ही बेहतर समझ रहा हो, लेकिन भैंस का बच्चा कहां रुकने वाला था. वह लगातार हाथी की तरफ बढ़ता रहता है.
उसके अंदाज को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे उसे पूरा भरोसा हो कि वह इस विशाल जानवर का मुकाबला कर सकता है. वीडियो देखने वाले लोगों के लिए यह नजारा इसलिए भी मजेदार बन जाता है, क्योंकि एक तरफ बेहद छोटा सा बच्चा है और दूसरी तरफ उसके सामने खड़ा एक विशाल हाथी. तभी उसकी मां की नजर अपने बच्चे पर पड़ती है. शायद उसे तुरंत समझ आ जाता है कि उसका छोटा सा शरारती बच्चा किस मुसीबत की तरफ बढ़ रहा है. मां बिना देर किए उसके पास पहुंचती है और उसे रोकने की कोशिश करती है. वह अपने बच्चे को अपने साथ ले जाती है, ताकि वह हाथी के और करीब न पहुंच सके.
उधर हाथी भी इस पूरे मामले में किसी तरह की आक्रामकता नहीं दिखाता. वह चुपचाप पीछे हटता है और फिर वहां से आगे निकल जाता है. ऐसा लगता है जैसे उसने भी तय कर लिया हो कि इस छोटे से बहादुर को सबक सिखाने के बजाय रास्ता बदल लेना ही ठीक है.
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु ने खोली दुनिया की खिड़की, हैदराबाद ने सिखाया काम और दुबई ने बताया नेटवर्किंग का दम, महिला ने बताया कैसे तीन शहरों ने बदली उनकी सोच
इस प्यारे से वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी खूब मजे ले रहे हैं. लोग नन्हे भैंस के बच्चे के बेखौफ अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं हाथी के शांत और धैर्य भरे व्यवहार ने भी लोगों का दिल जीत लिया है. कई लोगों को तो यह पूरा नजारा ऐसा लग रहा है जैसे बच्चे ने अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी लड़ाई के लिए सबसे गलत प्रतिद्वंद्वी चुन लिया हो. लेकिन इससे पहले कि बात आगे बढ़ती, उसकी मां ने आकर पूरा मामला ही खत्म कर दिया. नन्हे बच्चे का आत्मविश्वास देखकर एक बात तो साफ है, उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन हिम्मत में कोई कमी नहीं थी.
