कैब ड्राइवर ने महिलाओं के प्रोटेस्ट पर कसा तंजImage Credit source: Instagram/@its__lawirl
सोशल मीडिया पर एक कैब राइड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक कैब ड्राइवर और महिला यात्री के बीच बहस हो रही है. इस वीडियो ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है. वायरल क्लिप में साफ दिख रहा है कि आज भी जब महिलाएं अपने हक की बात करती हैं, तो लोग उनकी शादी और चरित्र पर उंगली उठाने लगते हैं.
‘भाई’ बोलने पर ज्ञान देने लगा ड्राइवर
हुआ यूं कि एक महिला अपनी सहेली के साथ कैब में जा रही थी. वो प्यार से अपनी सहेली को ‘भाई’ कहकर बुला रही थी. बस इतनी सी बात पर ड्राइवर बीच में बोल पड़ा. उसने कहना शुरू कर दिया कि लड़कियों को अपनी सहेलियों को ‘भाई’ नहीं बोलना चाहिए.
बात यहीं नहीं रुकी. ड्राइवर ने महिलाओं के प्रोटेस्ट और ‘मर्दों पर क्या भरोसा’ जैसे नारों पर भी तंज कस दिया. उसने कहा- जो लड़कियां ऐसे प्रोटेस्ट करती हैं, उनसे कोई शादी नहीं करेगा.
महिला का करारा और बेबाक जवाब
ड्राइवर की बात सुनकर महिला घबराई नहीं. उसने बड़ी शांति से करारा जवाब दिया- तो भैया, उसको शादी नहीं करनी होगी. कुल मिलाकर एक ही लाइन में महिला ने ड्राइवर की बोलती बंद कर दी.
बाद में वीडियो शेयर करते हुए महिला ने लिखा- हैरानी ड्राइवर की सोच पर नहीं है. हैरानी इस बात पर है कि जब महिलाएं अपनी सुरक्षा और हक की बात करती हैं, तो बात तुरंत ‘शादी कौन करेगा?’ पर क्यों आ जाती है. क्या आज भी एक महिला की पहचान सिर्फ शादी से ही तय होती है?
सोशल मीडिया पर दो गुटों में बंटे लोग
वीडियो आते ही लोग दो हिस्सों में बंट गए. ज्यादातर लोग महिला के जवाब की तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, वो शादी करे या न करे, उसकी मर्जी है. उसने कैब बुक की है, आपका फालतू ज्ञान सुनने के लिए नहीं. दूसरे ने कहा, अगर ऐसे नारे लगाने से शादी नहीं होती, तो हम खुशी-खुशी अकेले रहने को तैयार हैं. फिलहाल ये वीडियो हर जगह चर्चा में है और लोग यही पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक महिलाओं की आजादी को शादी के तराजू में तौला जाता रहेगा?
यहां देखिए वायरल वीडियो
