OMG! अस्पताल की जगह KFC बना डिलीवरी रूम! बेटे का जन्म होते ही परिवार ने रखा ऐसा नाम

Kfc में हुई बच्चे की डिलीवरी Image Credit source: Getty Images

कभी-कभी जिंदगी ऐसे पल सामने ला देती है, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती. ब्रिटेन में एक कपल के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनके बच्चे का जन्म KFC के कार पार्क में हो गया. खास बात यह है कि बच्चे के नाम के साथ अब KFC के संस्थापक कर्नल सैंडर्स की भी एक मजेदार याद जुड़ गई है. 33 साल की केटी मर्फी अपने पार्टनर 32 वर्षीय स्टीफन किर्बी के साथ अस्पताल जा रही थीं. केटी को तेज लेबर पेन हो रहा था और स्टीफन उन्हें कार से अस्पताल लेकर निकल पड़े थे. इसी दौरान उन्होंने एंबुलेंस को भी फोन कर दिया.

फोन पर उनसे लोकेशन पूछी गई तो स्टीफन ने आसपास की जगह देखने की कोशिश की, तभी उनकी नजर उस KFC आउटलेट पर पड़ी, जहां वे अक्सर जाया करते थे. यह रेस्टोरेंट Worcestershire के Bromsgrove में A38 के पास स्थित है. स्टीफन ने तुरंत कार को KFC के कार पार्क में ले जाकर रोक दिया. लेकिन अस्पताल पहुंचने का इंतजार करने का समय अब नहीं बचा था.

प्यार से कहलाएगा कर्नल कोडी

केटी ने बताया कि जैसे ही कार KFC के कार पार्क में पहुंची, उन्हें महसूस हुआ कि बच्चे का सिर बाहर आने लगा है. स्टीफन ने तुरंत कार पार्क की और उनकी तरफ दौड़कर पहुंचे. कुछ ही पलों में उन्होंने अपने बेटे को जन्म लेते हुए अपनी आंखों के सामने देखा और बच्चे को संभाला.

केटी के मुताबिक, पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला. राहत की बात यह रही कि एंबुलेंस भी करीब पांच मिनट बाद वहां पहुंच गई और मां-बेटे को अस्पताल ले जाया गया. बच्चे का जन्म 29 अगस्त को हुआ और उसका वजन करीब 7 पाउंड 8 औंस था. परिवार के मुताबिक, बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और अच्छी तरह बढ़ रहा है. उसका नाम Cody रखा गया है, लेकिन अब परिवार उसे प्यार से Colonel Cody कहता है.

इसके पीछे भी एक दिलचस्प वजह है. KFC के मशहूर संस्थापक Colonel Sanders के सम्मान में परिवार ने Cody को यह मजेदार निकनेम दिया है. केटी का कहना है कि यह नाम शायद अब जिंदगी भर उसके साथ रहने वाला है. अस्पताल में भी इस अनोखे जन्म की खूब चर्चा हुई. केटी ने बताया कि वहां की मिडवाइफरी टीम उन्हें लेकर इतनी उत्साहित थी कि उन्होंने रात के खाने के लिए KFC तक ऑर्डर कर दिया. परिवार अब मजाक में यह भी कहता है कि Cody को उसके पहले जन्मदिन पर KFC जरूर ले जाया जाएगा. इतना ही नहीं, वे हंसते हुए कहते हैं कि शायद उसका पहला वीकेंड जॉब भी वहीं लगवा दिया जाए.

यह भी पढ़ें: Viral Video: आपके कपड़े धोने से लेकर घर का बिस्तर तक लाएगा ये रोबोट, बिना ट्रेनिंग के हर काम करेगा परफेक्ट

स्टीफन ने बताया कि उसी सुबह अस्पताल से दोनों को घर भेज दिया गया था, क्योंकि डॉक्टरों को लगा था कि डिलीवरी का समय अभी थोड़ा दूर है. लेकिन शाम होते-होते केटी की तकलीफ काफी बढ़ गई. ऐसे में स्टीफन उन्हें लेकर दोबारा अस्पताल के लिए निकल पड़े. दोनों करीब आधे घंटे की ड्राइव पर थे और A38 पर उन्हें ऐसी कोई जगह नहीं मिल रही थी, जहां कार रोक सकें. तभी स्टीफन ने KFC देख लिया और तुरंत वहां कार ले गए. कुछ ही मिनटों बाद उनका बेटा दुनिया में आ चुका था.

इस अनोखे वाकये पर KFC की ओर से भी मजेदार प्रतिक्रिया आई. कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें खुशी और सम्मान है कि Cody के जन्म के लिए उनका आउटलेट यादगार जगह बना. परिवार के लिए KFC की ओर से शुभकामनाओं के साथ कुछ मर्चेंडाइज और वाउचर भेजने की बात भी कही गई.

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More

Exit mobile version